सोन नदी पर नए पुल का दोबारा टेंडर निकलेगा:भोपाल से अनुमति मांगी, अनूपपुर में एक महीने बाद भी नहीं आया जवाब

सोन नदी पर नए पुल का दोबारा टेंडर निकलेगा:भोपाल से अनुमति मांगी, अनूपपुर में एक महीने बाद भी नहीं आया जवाब

अनूपपुर जिला मुख्यालय के पास सोन नदी पर जल्द ही 14 करोड़ रुपए की लागत से एक नया पुल बनाया जाएगा, जो अनूपपुर और कोतमा को आपस में जोड़ेगा। एक महीने पहले सेतु निगम शहडोल ने नए सिरे से टेंडर जारी करने के लिए भोपाल मुख्यालय से अनुमति मांगी है। जिसका अभी तक जवाब नहीं आया है। विभागीय सहमति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दो साल के भीतर नया पुल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। सेतु निगम के मुताबिक छह महीने पहले भी टेंडर निकाला गया था, लेकिन न्यूनतम बोली लगाने वाले ठेकेदार ने एग्रीमेंट नहीं किया। 120 दिनों की समय सीमा बीत जाने के बाद अब दोबारा री-टेंडर के लिए पत्र भेजा गया है। 14 करोड़ से नया पुल 220 मीटर लंबा बनना है। दूसरी तरफ, सोन नदी पर बना 180 मीटर लंबा पुराना पुल 56 साल का हो चुका है और देखरेख के अभाव में बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। इसका निर्माण 28 जनवरी 1969 को लोक निर्माण विभाग ने कराया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री गोविंद नारायण सिंह ने किया था। आज पुल का बेस जर्जर हो चुका है, सरिए बाहर निकल आए हैं और पिलरों में दरारें पड़ गई हैं। पुल का डामर उखड़ गया है और ढलाई की परत टूट-टूटकर नदी में गिर रही है। 10 साल पहले भी पुल निगम ने भोपाल मुख्यालय को पत्र लिखकर पुराने पुल की मरम्मत की मांग की थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रखरखाव न होने के कारण हाल ही में 24 सितंबर की रात एक अनियंत्रित कार रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे नदी किनारे जा गिरी थी, जिसमें तीन युवक घायल हो गए थे। अब नए पुल के बनने से ही इस मार्ग पर हादसों का खतरा कम हो सकेगा। 14 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुल पुराने पुल की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए नए पुल की तैयारी की जा रही है। सेतु निगम ने री-टेंडर के लिए अनुमति मांगी है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2 साल में निर्माण कार्य पूरा करने का अनुमान है। नया पुल 220 मीटर लंबा होगा और इसकी रिवाइज्ड लागत लगभग 14 करोड़ रुपए तय की गई है। 56 साल पुराना 180 मीटर लंबा मौजूदा पुल देखरेख के अभाव में जर्जर हो चुका है, जिसके पिलरों में दरारें आ गई हैं और ढलाई टूटकर गिर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *