फरीदकोट में गौहत्या कर मांस तस्करी में 5 गिरफ्तार:लावारिस गोवंश को बनाते थे निशाना, हड्डियां व बोलेरो गाड़ी बरामद, 3 बरेली के निवासी

फरीदकोट में गौहत्या कर मांस तस्करी में 5 गिरफ्तार:लावारिस गोवंश को बनाते थे निशाना, हड्डियां व बोलेरो गाड़ी बरामद, 3 बरेली के निवासी

पंजाब के फरीदकोट में थाना सदर पुलिस ने गौ हत्या और गौ मांस की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘संयुक्त गौ रक्षा दल पंजाब’ के महासचिव महंत गरीब दास की शिकायत के आधार पर की। आरोपियों के पास से कथित गौ मांस, हड्डियां और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है। शिकायतकर्ता महंत गरीब दास के अनुसार, गांव पहलूवाला निवासी सतपाल सिंह उर्फ सत्ती ने यह गिरोह बना रखा था। यह गिरोह लावारिस घूम रहे गोवंश को पकड़कर घर में उनकी हत्या करता था और मांस व हड्डियां अलग कर अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी कर मौके से मांस और अवशेष बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान: सतपाल सिंह उर्फ सत्ती (निवासी: गांव पहलूवाला, फरीदकोट) हरबंस सिंह उर्फ बंसी (निवासी: गांव पहलूवाला, फरीदकोट) वजीर सिंह (मूल निवासी: बरेली, यूपी; हाल निवासी: गांव मचाकी मल सिंह) अखिल अहमद (मूल निवासी: बरेली, यूपी; हाल निवासी: गांव मचाकी मल सिंह) जमील अहमद (मूल निवासी: बरेली, यूपी; हाल निवासी: गांव मचाकी मल सिंह)
नहर में फेंक देते थे अवशेष मामले की जानकारी देते हुए एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोवंश को काटने के बाद आरोपी उसकी हड्डियां और अन्य अवशेष पास की नहर में बहा देते थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा सके कि तस्करी का यह नेटवर्क किन-किन राज्यों और इलाकों तक फैला हुआ है और इस गिरोह में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *