अमेरिका में करनाल की युवक की मौत का मामला:हादसे से पहले 10 सेकेंड का वीडियो आया सामने,वीडियो में घास पर दौड़ता दिखा ट्राला, डिवाइडर पार कर पलटा

अमेरिका में करनाल की युवक की मौत का मामला:हादसे से पहले 10 सेकेंड का वीडियो आया सामने,वीडियो में घास पर दौड़ता दिखा ट्राला, डिवाइडर पार कर पलटा

अमेरिका के कैलिफोर्निया में ट्राला पलटने से करनाल जिले के गांव सिकरी के 25 वर्षीय युवक जतिन की मौत हो गई। हादसे का करीब 10 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें ट्राला सड़क किनारे हरी घास पर दौड़ता दिखाई देता है। इसके बाद वह घास से सड़क की तरफ आता है, डिवाइडर पार करता है और पलट जाता है। हादसे में जतिन के सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों ने सरकार से शव भारत लाने और आर्थिक सहायता देने की अपील की है। 2022 में 40 लाख रुपए खर्च कर गया था इंग्लैंड
गांव सिकरी का जतिन वर्ष 2022 में करीब 40 लाख रुपए खर्च करके भारत से इंग्लैंड गया था। इसके बाद वह डंकी रूट के रास्ते अमेरिका पहुंचा। वह कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस में रहकर ड्राइवरी करता था। परिजनों के मुताबिक, बुधवार अलसुबह अमेरिका में ट्राला पलटने से उसकी जान चली गई। हादसे की सूचना जतिन के साथ रहने वाले उसके ममेरे भाई विशाल ने परिवार को दी। वीडियो में घास से सड़क पर आकर पलटता दिखा ट्राला
सामने आए वीडियो में ट्राला पहले सड़क के किनारे हरी घास पर चलता नजर आता है। कुछ ही देर बाद वह घास से सड़क की तरफ आता है और डिवाइडर पार करके पलट जाता है। वीडियो देखकर आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आने या ट्राले का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और इसकी जांच की जरूरत है। ट्राला पलटने के दौरान जतिन का सिर केबिन में टकराया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। मौके पर पहुंचे लोग, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कैलिफोर्निया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जतिन को मृत घोषित कर दिया। परिवार को उसके ममेरे भाई विशाल के जरिए हादसे की जानकारी मिली। पिता ने पांच घंटे पहले की थी बेटे से बात
जतिन के पिता रामपाल ने हादसे से करीब पांच घंटे पहले ही बेटे से फोन पर बात की थी। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ समय बाद उन्हें उसकी मौत की खबर मिलेगी। जतिन के परिवार में पिता रामपाल, मां रेखा, बड़ा भाई साहिल और छोटी बहन हैं। रामपाल खेतीबाड़ी करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम दर्शन के लिए शव भारत लाने की गुहार
परिजन जतिन के अंतिम दर्शन करना चाहते हैं, लेकिन अमेरिका से शव भारत लाने की प्रक्रिया में आर्थिक परेशानी आ रही है। परिवार ने सरकार से अपील की है कि शव को जल्द भारत लाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार कर सकें। परिवार को अब शव के भारत पहुंचने का इंतजार है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *