चूरू। जिले में साहवा-तारानगर स्टेट हाईवे-36 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। हादसा गांव झाड़सर कांधलान के पास हुआ। मृतकों की पहचान दयावठ निवासी 25 वर्षीय मनोज कुमार सिहाग और 52 वर्षीय शीशराम बिजारणियां के रूप में हुई है। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एसयूवी चालक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दयावठ निवासी चार लोग दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर ढाणी मेघसर की ओर जा रहे थे। उनका उद्देश्य गांव के पशुपालकों के लिए सार्वजनिक उपयोग का भैंसा खरीदना था। इसी दौरान झाड़सर कांधलान गांव से निकलते समय सामने से आ रही एसयूवी ने मनोज कुमार और शीशराम की बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि एसयूवी चालक तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में वाहन चला रहा था।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे दूसरी बाइक पर आ रहे पूर्णाराम और मदनलाल भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
दुर्घटना की सूचना मिलने पर साहवा पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से चारों को श्रीमती मोहिनी देवी चाचान राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहवा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने मनोज कुमार और शीशराम को मृत घोषित कर दिया। घायल पूर्णाराम और मदनलाल को प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी चोटें मामूली होने के कारण उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
थानाधिकारी जगदीश सिंह के अनुसार, घायल पूर्णाराम पुत्र गीदाराम बिजारणियां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था मनोज
हादसे में जान गंवाने वाला मनोज कुमार पशु चिकित्सा कंपाउंडर का कोर्स कर रहा था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था। उसके चचेरे भाई हरीश कुमार ने बताया कि मनोज दो भाई-बहनों में बड़ा था। उसकी छोटी बहन अभी पढ़ाई कर रही है। पिता की बीमारी के कारण घर की जिम्मेदारियां भी मनोज पर थीं। परिवार के लिए वह बड़ा सहारा था। मनोज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

गांव में शोक, चालक की तलाश जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही दयावठ और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग साहवा पहुंच गए। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी दुख था कि चारों लोग गांव के पशुपालकों के सार्वजनिक काम के लिए निकले थे और रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। पुलिस अब एसयूवी चालक का पता लगाने और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि करने में जुटी है। हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, वहीं दूसरे परिवार को भी अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।
यह वीडियो भी देखें :

