विश्व दृष्टि दिवस पर चित्रकूट के DM पुलकित गर्ग ने संयुक्त जिला चिकित्सालय सोनेपुर का दौरा किया। उन्होंने विशेष नेत्र जांच व इलाज शिविर का जायजा लिया और डॉक्टरों से सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से अस्पताल में लगे आधुनिक उपकरण देखे। इनमें 19.92 लाख रुपए की सी-आर्म्स फ्लोरोस्कोप एक्स-रे मशीन, 2.94 लाख रुपए की स्लिट लैंप और 4.74 लाख रुपए का ऑप्थाल्मिक टोनोमीटर शामिल है। डीएम ने कहा कि आंखें शरीर का बहुत जरूरी अंग हैं। समय पर जांच से कई समस्याएं शुरुआत में ही पता चल सकती हैं। विश्व दृष्टि दिवस का मकसद लोगों को आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच व इलाज के लिए प्रेरित करना है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम नेत्र जांच, चश्मे के लिए दृष्टि जांच और सर्जरी की सुविधा दे रही है। शिविर में मरीजों को मुफ्त सेवाएं मिल रही हैं। आज 13 मरीजों की मोतियाबिंद सर्जरी मुफ्त की जा रही है। डीएम ने लोगों से नियमित जांच और अस्पताल की मुफ्त सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

