बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का काशी से भी गहरा जुड़ाव रहा। वे शूटिंग और फिल्म प्रमोशन के सिलसिले में वाराणसी आते रहे। साल 2023 में फिल्म ‘जर्नी’ की शूटिंग के दौरान दशाश्वमेध घाट पर उनका एक वीडियो खूब वायरल हुआ था। इसमें वे सेल्फी लेने पहुंचे एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आए थे। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर नाना की काफी आलोचना हुई थी। बाद में उन्होंने वीडियो जारी कर सफाई दी और माफी मांगी थी। नाना का गुरुवार सुबह 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गोवा स्थित उनके आवास पर कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। दशाश्वमेध घाट पर चल रही थी ‘जर्नी’ की शूटिंग नवंबर 2023 में फिल्म ‘जर्नी’ की टीम वाराणसी में शूटिंग कर रही थी। दशाश्वमेध घाट पर नाना पाटेकर के कई सीन फिल्माए जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक नाना के साथ सेल्फी लेने के लिए उनके पास पहुंचा। वायरल वीडियो में नाना उसे थप्पड़ मारते दिखाई दिए। इसके बाद फिल्म के क्रू मेंबर युवक को वहां से ले गए। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया और नाना पाटेकर को आलोचना का सामना करना पड़ा। 17 घंटे बाद नाना ने जारी किया था वीडियो घटना का वीडियो वायरल होने के करीब 17 घंटे बाद नाना पाटेकर ने वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि शूटिंग के दौरान उन्हें लगा कि युवक फिल्म का ही हिस्सा है और सीन के तहत उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया। नाना ने बताया था कि उस सीन की रिहर्सल पहले हो चुकी थी। दोबारा रिहर्सल शुरू होने से ठीक पहले युवक उनके पास आया और उन्हें लगा कि वह शूटिंग का हिस्सा है। बाद में पता चला कि युवक फिल्म की टीम का सदस्य नहीं था। नाना ने इसे गलती बताते हुए माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि काशी के लोग उन्हें बहुत प्यार करते हैं और वे ऐसी गलती जानबूझकर नहीं कर सकते। युवक ने कहा था- ‘अब वो मेरे सेलिब्रिटी नहीं’ घटना के बाद सेल्फी लेने वाला युवक भी सामने आया था। उसने बताया था कि वह गंगा स्नान के लिए दशाश्वमेध घाट पहुंचा था। वहां शूटिंग देखकर वह नाना पाटेकर का फैन होने के कारण सेल्फी लेने पहुंचा था। उसने कहा था कि नाना ने उसे थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया। जब उससे नाना के इस स्पष्टीकरण के बारे में पूछा गया कि यह फिल्म के सीन की रिहर्सल का हिस्सा था, तो युवक ने इससे इनकार किया था। उसका कहना था कि उसे शूटिंग के बारे में जानकारी नहीं थी और न ही उसे दोबारा बुलाया गया। उसने कहा था कि इस घटना से उसकी बेइज्जती हुई और “अब वो मेरे सेलिब्रिटी नहीं हैं।” 2024 में फिल्म प्रमोशन के लिए आए थे काशी नाना पाटेकर आखिरी बार 2024 में अपनी फिल्म ‘वनवास’ के प्रमोशन के सिलसिले में काशी पहुंचे थे। काशी में शूटिंग और फिल्म प्रमोशन के दौरान उनकी कई यादें लोगों के बीच जुड़ी रहीं। गुरुवार को उनके निधन की खबर सामने आने के बाद काशी से जुड़े उनके पुराने वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए।

