शहडोल कलेक्टर से मिलने पैदल निकले 200 छात्र:प्रिंसिपल की शिकायत लेकर 15 KM चले; प्रशासन ने रास्ते में लेने दो बसें भेजीं

शहडोल कलेक्टर से मिलने पैदल निकले 200 छात्र:प्रिंसिपल की शिकायत लेकर 15 KM चले; प्रशासन ने रास्ते में लेने दो बसें भेजीं

शहडोल के जैतपुर स्थित बिरौड़ी एकलव्य आवासीय विद्यालय के करीब 200 विद्यार्थी बुधवार को प्रिंसिपल से जुड़ी शिकायत लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल निकल पड़े। विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहते हैं। खबर लिखे जाने तक वे 15 किलोमीटर से ज्यादा चल चुके थे। कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े छात्र विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें विद्यालय के प्राचार्य से संबंधित कई शिकायतें हैं। वे अपनी बात किसी स्थानीय अधिकारी के सामने रखने के बजाय सीधे कलेक्टर से मिलना चाहते हैं। इसी मांग को लेकर वे स्कूल परिसर से पैदल निकल गए। जैतपुर से शहडोल की दूरी करीब 70 किलोमीटर से अधिक है। विद्यार्थी रास्ते में ‘कलेक्टर से मिलना है, हमारी मांगें पूरी करो’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाया विद्यार्थियों के पैदल रवाना होने की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन और प्रशासन सक्रिय हुआ। प्राचार्य ने पहले विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद बीईओ, बीआरसी और शहडोल से एसी ट्राइबल आनंद राय सिन्हा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिकायतों के निराकरण का भरोसा दिया। इसके बावजूद विद्यार्थी कलेक्टर से सीधे मिलने की मांग पर कायम रहे। दो बसें भेजीं, कई छात्र पैदल चलते रहे बच्चों की सुरक्षा और लंबी दूरी को देखते हुए प्रशासन ने दो बसें भेजीं। कुछ विद्यार्थी बसों में बैठ गए, जबकि कई छात्र पैदल ही आगे बढ़ते रहे। बसें विद्यार्थियों के पीछे चल रही हैं। पुलिस और अधिकारी भी बच्चों के साथ मौजूद हैं। पैदल चल रहे विद्यार्थियों के लिए रास्ते में चाय, नाश्ता और बिस्किट की व्यवस्था भी की गई। अधिकारियों ने तत्काल निराकरण का भरोसा दिया एसी ट्राइबल आनंद राय सिन्हा ने बताया कि बच्चों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया गया है। दो बसें मौके पर भेजी गई हैं। कुछ विद्यार्थी बसों में बैठ गए हैं, जबकि कुछ अभी भी पैदल चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस और अधिकारी साथ हैं। विद्यार्थियों से अपनी समस्या अधिकारियों को बताने के लिए कहा गया है और उसका तत्काल निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि विद्यार्थी कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े हुए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *