मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मवाना रोड पर रविवार को चलती इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। बाइक में आग लगते ही राइडर ने तत्काल ब्रेक लगाए और बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि जिस समय बाइक आग की चपेट में आई, उस वक्त आसपास कोई दूसरा वाहन नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बाइक का वीडियो वायरल हो रहा है। रविवार दोपहर मवाना रोड पर एक इलेक्ट्रिक बाइक जा रही थी। इसी दौरान अचानक बाइक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी। बताया जाता है कि आग की लपटें उठती देखकर राइडर ने बाइक रोकी और उससे कूद गया। कुछ ही देर में पूरी बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं
बाइक में लगी आग इतनी तेज थी कि उससे उठ रहा काला और घना धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से भी आसमान में दिखाई दे रहा था। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक और आसपास के लोग घटना को देखकर रुक गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। आग की लपटों के कारण लोग बाइक के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। दमकल ने पहुंचकर बुझाई आग
हादसे की सूचना लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इलेक्ट्रिक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। लोग पूछते रहे, राइडर का नहीं चला पता
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक से कूदकर राइडर अपनी जान बचाने में सफल रहा था, लेकिन इसके बाद वह कहां गया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी बाइक के मालिक और राइडर की पहचान कराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने कब्जे में मिली जली हुई बाइक
पुलिस के द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में कोई व्यक्ति झुलसा या घायल तो नहीं हुआ। पुलिस ने जली हुई बाइक को कब्जे में लेकर उसके नंबर और अन्य विवरण के आधार पर मालिक की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

