बरेली के मीरगंज विधानसभा क्षेत्र में नया सियासी घटनाक्रम सामने आया है। वरिष्ठ नेता लईक अहमद मसूरी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने फोन, व्हाट्सएप और पत्र से कांग्रेस जिलाध्यक्ष को इसकी जानकारी दी। कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मसूरी ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी से फोन पर बात की। उन्होंने मीरगंज सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई और पार्टी से टिकट मांगा। ओवैसी ने उन्हें टिकट देने का आश्वासन दिया है। ओवैसी के निर्देश पर लईक अहमद मसूरी ने रविवार को एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष असलम खान से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। उनके एआईएमआईएम में शामिल होने से मीरगंज में चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। लईक अहमद मसूरी 36 साल से राजनीति में सक्रिय हैं। वह पहले भी कई दलों और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं।

