किला मैदान में दौड़ और साइकिल रेस:महिलाओं ने दादीजी का मंगल किया पाठ; 9 दिनों तक होंगे आयोजन

किला मैदान में दौड़ और साइकिल रेस:महिलाओं ने दादीजी का मंगल किया पाठ; 9 दिनों तक होंगे आयोजन

धार में अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ रविवार को उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ हुआ। पहले दिन सुबह किला मैदान पर खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं, जबकि दोपहर में मिलन महल में महिलाओं ने धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
क्रीड़ा समिति के राहुल अग्रवाल और विनय अग्रवाल के तत्वावधान में किला मैदान पर आयोजित प्रतियोगिताओं में समाज के बच्चों और युवाओं ने हिस्सा लिया। दौड़ प्रतियोगिता में मिनी जूनियर यानी नर्सरी वर्ग से लेकर सीनियर वर्ग कक्षा 9वीं से ऊपर तक के बालक-बालिकाओं ने उत्साह से भाग लिया। इसके बाद धीमी साइकिल रेस और तेज साइकिल रेस आयोजित की गईं। मैदान पर मौजूद समाजजनों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
लाल साड़ियों में महिलाओं ने किया मंगल पाठ
दोपहर में मिलन महल में धार दादी परिवार द्वारा राणी सती दादी का सुंदर दरबार सजाया गया। समाज की महिलाएं लाल साड़ियों में पहुंचीं और चूंदड़ी ओढ़कर मंगल पाठ में शामिल हुईं। रुचि अग्रवाल ने मंगल पाठ का वाचन किया। आयोजन के दौरान अखंड ज्योत, जन्मोत्सव, स्वागत उत्सव, चूंदड़ी उत्सव, गजरा उत्सव, हल्दी उत्सव और मेहंदी उत्सव आकर्षण का केंद्र रहे।
दादीजी के जन्म प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने चॉकलेट, खिलौने, मिठाइयां और लड्डू सहित उपहार बांटे। शिक्षा की रस्म में छोटे बच्चों को कॉपी-पेन वितरित किए गए। विवाह की रस्म के दौरान आयोजन समिति की महिलाओं ने उपस्थित महिलाओं को मेहंदी और हल्दी लगाई। मंगल पाठ में दादीजी के जीवन से जुड़ी विभिन्न रस्मों का मंचन भी किया गया। जन्मोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और कन्याएं बधाई लेने पहुंचीं। संगीतमय भजनों के बीच पाठ का समापन हुआ और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, कला महेशजी मालक, मधु योगेश अग्रवाल, मीना मोहन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
आज अग्रसेन मेले के साथ होंगी प्रतियोगिताएं
मीडिया प्रभारी श्याम मंगल लेबड़ ने बताया कि सोमवार को अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा अग्रसेन मेला लगाया जाएगा। महिला मंडल द्वारा तंबोला, अग्रवाल फ्रेंड्स ग्रुप द्वारा चेयर रेस और समिति द्वारा रस्सी कूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इनमें समाजजन और बच्चे शामिल होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *