कीमतें 8% तक बढ़ने के बावजूद Consumer Appliances कंपनियों को त्योहारी बिक्री में डबल डिजिट ग्रोथ की आस

कीमतें 8% तक बढ़ने के बावजूद Consumer Appliances कंपनियों को त्योहारी बिक्री में डबल डिजिट ग्रोथ की आस

नयी दिल्ली, चार अक्टूबर एयर-कंडीशनर और अन्य उपभोक्ता उपकरणों की कीमतों में त्योहारी मौसम से पहले 5-8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के बावजूद विनिर्माता इस बार बिक्री में दोहरे अंक की वृद्धि को लेकर आशान्वित हैं। कंपनियों का मानना है कि प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग, पुराने उपकरणों को बदलने की जरूरत, आसान मासिक किस्त (ईएमआई) और उपभोक्ता धारणा में सुधार से बिक्री को मजबूती मिलेगी। इस साल कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी है।

तांबा, एल्युमीनियम और इस्पात जैसी धातुओं की बढ़ती लागत के साथ कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की कीमतों, माल ढुलाई खर्च और मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव ने कंपनियों को कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर किया है। दक्षिण भारत में ‘ओणम’ के दौरान मिली अच्छी बिक्री से उद्योग को त्योहारी सीजन में आगे भी मजबूत मांग की उम्मीद है। कंपनियों को भरोसा है कि नवरात्रि और दीपावली के दौरान भी बिक्री की रफ्तार बनी रहेगी।

हायर अप्लायंसेज इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन एस सतीश ने पीटीआई-से कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद त्योहारी बिक्री में दोहरे अंक की वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि हायर को मूल्य के आधार पर त्योहारी बिक्री में 30-35 प्रतिशत और मात्रा के लिहाज से बिक्री में करीब 20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। उनका मानना है कि त्योहारी सीजन में पूरे उद्योग में बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।

सतीश ने कहा कि प्रीमियम उत्पादों की ओर उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ रहा है और आसान वित्तपोषण इस मांग को समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि जो ग्राहक पहले ही कोई उपकरण खरीदने का निर्णय ले चुके हैं, वे अपने बजट के भीतर थोड़ी कम क्षमता वाला मॉडल चुन सकते हैं या ईएमआई के जरिये प्रीमियम मॉडल खरीद सकते हैं। हायर ने एक अक्टूबर से रूम एयर-कंडीशनर की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत और एलईडी टीवी तथा वॉशिंग मशीन जैसी अन्य श्रेणियों में कीमतों में 2-3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के सह-मुख्य बिक्री एवं विपणन अधिकारी संजय चितकारा ने कहा कि कंपनी आगामी त्योहारी मौसम को लेकर काफी आशान्वित है। उन्होंने बताया कि श्राद्ध पक्ष के दौरान ही उत्पादों को लेकर पूछताछ उत्साहजनक रही है। उन्होंने कहा कि अब त्योहारी अवसर केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि लोग नए घर में जाने या अपने मौजूदा घर को ‘अपग्रेड’ करने के लिए भी इस दौरान उपकरण खरीद रहे हैं।

रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टीवी और एयर-कंडीशनर के अलावा डिशवॉशर, माइक्रोवेव, ऑडियो उत्पाद और वॉटर प्यूरीफायर जैसी श्रेणियों में भी मांग बढ़ रही है। सोनी इंडिया के प्रबंध निदेशक सुनील नायर ने त्योहारी मौसम में कंपनी की कुल बिक्री में मूल्य के लिहाज से 15-20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि प्रीमियम उत्पाद, नए मॉडल और आकर्षक पेशकश ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

सोनी को अपने ‘इमेजिंग’ कारोबार में 30 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की उम्मीद है। टेलीविजन कारोबार में प्रीमियम ब्राविया मॉडल और बड़े स्क्रीन आकार वाले टीवी की मांग प्रमुख भूमिका निभा सकती है। ऑडियो श्रेणी में हेडफोन, साउंडबार और पार्टी स्पीकर की बिक्री भी नए उत्पादों और त्योहारी पेशकश के कारण मजबूत रहने की उम्मीद है।

गोदरेज एंटरप्राइजेज समूह के अप्लायंसेज प्रभाग के प्रमुख कमल नंदी ने कहा कि त्योहारी मौसम रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और एयर-कंडीशनर की खरीद के लिए महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने कहा कि ओणम के दौरान बिक्री की रफ्तार अच्छी रही और अब अन्य क्षेत्रों में भी मांग बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनियों ने कीमतें बढ़ा दी हैं, लेकिन ग्राहकों को कुछ समय तक पुराने दाम पर उत्पाद खरीदने का मौका मिल सकता है।

इसका कारण यह है कि वितरकों और डीलर ने कीमत बढ़ने से पहले ही पर्याप्त मात्रा में सामान खरीदकर स्टॉक कर लिया था। गोदरेज के अनुसार, पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में उपलब्ध रह सकता है। ऐसे में दीपावली तक पुराने दाम वाले उत्पादों की उपलब्धता बनी रहने की संभावना है।

इसके बाद नए दाम का असर बाजार में अधिक स्पष्ट दिखाई देगा। आमतौर पर ओणम से दशहरा और दीपावली तक का त्योहारी मौसम उपभोक्ता उपकरण बनाने वाली कंपनियों की सालाना बिक्री में करीब 30-40 प्रतिशत योगदान देता है। बॉस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, भारत का टिकाऊ उपभोक्ता सामान बाजार 2030 तक सालाना 8-10 प्रतिशत की दर से बढ़ते हुए 3-3.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

कुल मिलाकर, कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियों को उम्मीद है कि प्रीमियम उत्पादों की मांग, पुराने उपकरणों को बदलने की मंशा और आसान ईएमआई सुविधा त्योहारी मौसम में बिक्री को मजबूत बनाए रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *