8 करोड़ की लिंक रोड से अतिक्रमण हटाने चली JCB:बैतूल में पक्के निर्माण तक ढहा दिए, 2.70 किमी सड़क का होगा निर्माण

8 करोड़ की लिंक रोड से अतिक्रमण हटाने चली JCB:बैतूल में पक्के निर्माण तक ढहा दिए, 2.70 किमी सड़क का होगा निर्माण

बैतूल शहर के कारगिल चौक से गाढ़ा घाट होते हुए ओल्ड एनएच तक बन रही करीब 8 करोड़ रुपए की लिंक रोड को लेकर चल रहा अतिक्रमण का विवाद अब कार्रवाई के दौर में पहुंच गया है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह और नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर सहित अधिकारियों ने लगातार दो दिन मौके का निरीक्षण किया था। इसके बाद शनिवार सुबह से नगरपालिका के अमले ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। नगरपालिका की टीम जेसीबी की मदद से उन निर्माणों और अतिक्रमणों को हटा रही है, जो सड़क के लिए निर्धारित सीमा और राजस्व-नगरपालिका क्षेत्र में आ रहे हैं। कार्रवाई के दौरान सड़क की निर्धारित चौड़ाई को लेकर किए गए पूर्व सीमांकन को आधार बनाया जा रहा है। बिजली पोल भी शिफ्ट किए जाएंगे
कारगिल चौक से बच्चा जेल, अखाड़ा चौक, बालाजी विहार होते हुए गाढ़ा घाट और ओल्ड एनएच तक करीब 2.70 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 7 करोड़ 89 लाख रुपए की स्वीकृत लागत से किया जा रहा है। परियोजना में अलग-अलग हिस्सों में सड़क की चौड़ाई तय की गई है। कारगिल चौक से बच्चा जेल तथा बालाजी विहार से ओल्ड एनएच तक 10 मीटर चौड़ी सीसी सड़क, अखाड़ा चौक से बालाजी विहार तक 7 मीटर चौड़ी सीसी सड़क और बच्चा जेल से अखाड़ा चौक तक 5.50 मीटर डामरीकृत सड़क प्रस्तावित है। सड़क के साथ गाढ़ा घाट की क्षतिग्रस्त पुलिया पर नया पुल, रिटेनिंग वॉल, रोड मार्किंग, संकेतक और अन्य कार्य भी परियोजना में शामिल हैं। बिजली के पोल भी सड़क निर्माण में बाधा बनने की स्थिति में शिफ्ट किए जाने हैं। कुछ लोगों ने खुद हटा लिए थे अतिक्रमण
इस सड़क को लेकर अतिक्रमण का विवाद नया नहीं है। सड़क निर्माण शुरू होने से पहले प्रशासन और नगरपालिका की टीम ने मौके पर माप-जोख कर सड़क की सीमा तय की थी और कई स्थानों पर अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे। कुछ लोगों ने स्वयं अपने निर्माण पीछे किए थे, जबकि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण बने रहने के कारण सड़क की निर्धारित चौड़ाई में निर्माण को लेकर समस्या बनी रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *