सिवनी के छपारा थाना क्षेत्र के ग्राम ललमटिया में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर खेल रही 6 साल की बच्ची को एक महिला अपने साथ ले जाती दिखाई दी। महिला ने पहले बच्ची को बिस्किट खिलाया और फिर उसका हाथ पकड़कर आगे ले जाने लगी। परिजनों ने महिला को पकड़कर पुलिस को दी सूचना इसी दौरान परिजनों की नजर महिला और बच्ची पर पड़ गई। उन्होंने महिला को रोककर पकड़ लिया और घटना की सूचना छपारा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की। थाना प्रभारी खेमेन्द्र के अनुसार, महिला की पहचान बरघाट थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमी निवासी के रूप में हुई है। पूछताछ में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला है, जिससे यह पुष्टि हो कि महिला बच्ची को किसी आपराधिक उद्देश्य से ले जा रही थी। बच्ची सुरक्षित, परिजनों को सौंपा पुलिस के अनुसार बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना के बाद गांव में बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने की चर्चा फैल गई थी, जिससे कुछ समय के लिए ग्रामीणों में भय और भ्रम की स्थिति बनी। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक अपहरण या किसी आपराधिक मंशा की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया और वाट्सऐप ग्रुप पर बिना पुष्टि किसी व्यक्ति से जुड़ी जानकारी प्रसारित न करें। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

