मचकुंड सरोवर में मिला बुजुर्ग महिला का शव:पहचान नहीं होने पर मोर्चरी में रखवाया, जांच में जुटी पुलिस

मचकुंड सरोवर में मिला बुजुर्ग महिला का शव:पहचान नहीं होने पर मोर्चरी में रखवाया, जांच में जुटी पुलिस

धौलपुर तीर्थराज मचकुंड सरोवर में घाट नंबर 6 के पास शनिवार को एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सरोवर में सिक्के बीनने वाले बच्चों ने पानी में शव देखा और इसकी सूचना मचकुंड चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने थाना प्रभारी रामकिशन यादव को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में महंत कृष्णदास ने शव को सरोवर से बाहर निकलवाया। महिला की उम्र करीब 70 से 75 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से एक शॉल और डंडा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। महिला की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार हरिओम शर्मा भी मौके पर पहुंचे। सिविल डिफेंस की टीम की मदद से शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए उसके फोटो आसपास के क्षेत्रों में सर्कुलेट किए हैं। सरोवर के आसपास घूमने वाले लोगों के अनुसार, बुजुर्ग महिला को शुक्रवार शाम करीब 5 बजे मचकुंड के आसपास घूमते हुए देखा गया था। इसके बाद शनिवार को उसका शव सरोवर में मिला। थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस महिला के सरोवर में पहुंचने और मौत के कारणों की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *