ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया में शुक्रवार शाम खेत में काम करने के दौरान पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता नंद कुमार ने बेटे सिंह राज सिंह गोंड (28) के गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया। खेत में काम करते समय हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, बेटा घर के पास खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ देर बाद मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पिता ने पास में रखी कुल्हाड़ी से बेटे पर हमला कर दिया। गले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जंगल की ओर भागने की जानकारी घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। ब्यौहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। पुलिस को उसके जंगल की ओर भागने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू कर दी। एक साल से चल रहा था विवाद थाना प्रभारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पिता-पुत्र के बीच करीब एक साल से विवाद चलने की बात सामने आई है। दोनों के बीच आए दिन कहासुनी और झगड़ा होता था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

