खंडवा जिले में लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों और गुंडा तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सितंबर में कार्रवाई तेज की है। आदतन अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जिलाबदर की कार्रवाई के साथ गुंडा फाइल खोलने की प्रक्रिया भी की। सितंबर 2026 में जिले के 11 आरोपियों के खिलाफ जिलाबदर के आदेश पारित किए गए, जबकि 15 आरोपियों के प्रकरण अभी जिलाबदर कार्रवाई के लिए विचाराधीन हैं। इसके अलावा झगड़ा और मारपीट जैसे अपराधों में लगातार संलिप्त पाए गए 3 बदमाशों की गुंडा फाइल खोलकर उन्हें सूचीबद्ध गुंडा बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, आदतन अपराधियों का रिकॉर्ड छंटवाने के बाद ऐसे बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनकी गतिविधियों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ जिलाबदर के प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी कार्यालय भेजे जा रहे हैं। सितंबर में पुलिस की ओर से 4 बदमाशों के जिलाबदर के प्रस्ताव भेजे गए। वहीं, पहले से जिला दंडाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत प्रकरणों में सुनवाई और कार्रवाई पूरी होने के बाद 11 आरोपियों के जिलाबदर आदेश जारी हुए। इन 11 बदमाशों को किया गया जिलाबदर पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के जफर उर्फ सब्बू पिता रफीक टाउ (28), निवासी सलूजा कॉलोनी, खालिक पिता रफीक टाउ (32), निवासी बांग्लादेश कॉलोनी, अलकेश पिता कालू बलाही (20), निवासी सूरजकुंड और शुभम उर्फ कालिया पिता राजेंद्र बट्ट (32), निवासी चीराखदान मल्टी के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की गई है। मोघट रोड थाना क्षेत्र से प्रफुल्ल उर्फ गज्जू पिता लखन केसनिया (27), निवासी आईआईटी झुग्गी-झोपड़ी और हम्माद उर्फ राजा पिता अल्ताफ (25), निवासी मोघट रोड को जिलाबदर किया गया है। पदमनगर थाना क्षेत्र से लाला उर्फ दुर्गा प्रसाद पिता अशोक कनाडा (25), निवासी छोटा आवार को जिलाबदर किया गया है। पंधाना थाना क्षेत्र से कल्लू उर्फ कलीम पिता गुलाम खां मुसलमान (38), निवासी खिराला और मोहम्मद कादिर पिता मोहम्मद नासिर (34), निवासी राजौरा पर कार्रवाई हुई है। हरसूद थाना क्षेत्र से सद्दाम पिता हमीद शाह मुसलमान (32), निवासी बड़खालिया, हाल छनेरा और संजय पिता मांगीलाल चमार (28), निवासी इंदिरा कॉलोनी, छनेरा को जिलाबदर किया गया है। 15 बदमाशों के मामलों में अभी चल रही प्रक्रिया पुलिस के अनुसार, जिलाबदर के लिए 15 आरोपियों के प्रकरण अभी विचाराधीन हैं। इनमें कोतवाली क्षेत्र के सद्दाम उर्फ डबल पिता शेख शहीद, एजाज पिता नसरुद्दीन (32), निवासी खारा कुआं, संदीप उर्फ कान्चा पिता रमेश यादव (26), निवासी जवाहरगंज चिड़ियामैदान, अभिषेक उर्फ नकुल पिता अनिल फुलमाली (19), निवासी रामनगर, हनी उर्फ हर्षल पिता महेश जायसवाल (32), निवासी भगत सिंह चौक और असफाक पिता आरिफ सिगाढ़ (36), निवासी कहारवाड़ी शामिल हैं। मोघट रोड क्षेत्र से शहजाद पिता शकील खान (32), निवासी रामेश्वर टेकरा, भूरू उर्फ इल्ली उर्फ अकील पिता हनीफ (40), निवासी रामेश्वर टेकड़ा और सोहेल उर्फ अंडा पिता शकील (24), निवासी इमलीपुरा के मामले विचाराधीन हैं। पदमनगर क्षेत्र के निगम पिता पढ़री पटेल (26), निवासी संजय नगर, छैगांव माखन क्षेत्र के पप्पू पिता कैलाश गाटे (30), निवासी टेमीकला, धनगांव क्षेत्र के साजिद पिता फरीद, निवासी धनगांव, मांधाता क्षेत्र के जीतसिंह पिता रामसिंह सिकलीकर (50), निवासी इनपुन पुनर्वास हैं। हरसूद क्षेत्र के जयसिंह उर्फ बब्बू पिता रामेश्वर देशवाली (42), निवासी बोरसराय और किल्लौद क्षेत्र के मुकेश पिता शौतान सिंह कोरकू (40), निवासी किल्लौद के प्रकरण भी जिलाबदर कार्रवाई के लिए लंबित बताए गए हैं। लगातार निगरानी, गतिविधियों पर पुलिस की नजर एसपी अगम जैन का कहना है कि जिन बदमाशों की गुंडा फाइल खोली गई है और जिन्हें सूचीबद्ध किया गया है, उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड में उनकी आपराधिक गतिविधियों को दर्ज करने के साथ भविष्य में किसी तरह की आपराधिक घटना में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य आदतन अपराधियों पर नियंत्रण रखना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

