Pradeep Purnekar हत्याकांड में पूर्व महापौर Meenakshi Shinde ने खुद पर लगे आरोपों को बताया बेबुनियाद

Pradeep Purnekar हत्याकांड में पूर्व महापौर Meenakshi Shinde ने खुद पर लगे आरोपों को बताया बेबुनियाद

ठाणे, दो अक्टूबर शिवसेना नेता और ठाणे की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे ने शुक्रवार को शिवसेना (उबाठा) के पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या से उनका नाम जोड़ने की कोशिशों को सिरे से खारिज किया और कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। एक दिन पहले प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर ने मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने 26 साल के राम पूर्णेकर का विस्तृत बयान दर्ज किया।

बुधवार को ठाणे के कापुरबावडी थाने के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी शामिल हुए। शिवसेना (उबाठा) के ठाणे मंडल प्रमुख पूर्णेकर पर मंगलवार रात कापुरबावडी थाना क्षेत्र में गोली चलाई गई और चाकू से हमला किया गया। उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां आपातकालीन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो वाहनों को जब्त किया गया है। मीनाक्षी शिंदे ने यहां संवाददाता सम्मेलन में विपक्षी दलों के नेताओं और आलोचकों से अपील की कि वे ठोस सबूत के बिना बेबुनियाद आरोप लगाने से बचें। उन्होंने जोर दिया कि हत्या के पीछे की सच्चाई पुलिस की निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगी।

शिंदे ने कहा, ‘‘मैं अपने सार्वजनिक दायित्व के तहत अपने वार्ड के लोगों से मिलती-जुलती हूं। किसी के साथ तस्वीर होना मात्र किसी आपराधिक संबंध का सबूत नहीं है।’’
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ सामग्री कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार की गई हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच से यह स्पष्ट हो जाएगा कि इन वीडियो का मामले से कोई संबंध है या नहीं।

पूर्णेकर के बेटे ने कथित तौर पर अपने बयान में आरोप लगाया था कि लावण्या नाम की एक स्थानीय निवासी ने उन्हें धमकी दी थी। बताया जाता है कि पूर्णेकर ने पहले नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़ी गतिविधियों के संदेह में उसके साथ मारपीट की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *