कोटा विश्वविद्यालय के तीन स्टूडेंट्स का उज्बेकिस्तान के समरकंद स्थित सिल्क रोड इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ टूरिज्म एंड कल्चरल हेरिटेज में स्कॉलरशिप के लिए सिलेक्शन हुआ है। लक्षिता दाधीच, दीपल हाड़ा और अत्रे गौतम अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में उज्बेकिस्तान के लिए रवाना होंगे। स्कॉलरशिप के लिए सिलेक्शन पर स्टूडेंट्स ने कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. (डॉ.) बी.पी. सारस्वत का आभार जताया है। सारस्वत वर्तमान में राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरु हैं। मास्टर डिग्री के साथ छात्रवृत्ति और हवाई टिकट भी मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मामलों की विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अनुकृति शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सहयोग के लिए सिल्क रोड इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने भारत में कोटा विश्वविद्यालय का चयन किया है। साझेदारी के तहत विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन, पुरातत्व, संग्रहालय विज्ञान, संरक्षण, कला एवं स्थापत्य स्मारकों की बहाली और ऐतिहासिक धरोहरों के रखरखाव जैसे विषयों में मास्टर डिग्री करने का अवसर मिलेगा। लक्षिता दाधीच व अत्रे गौतम को पर्यटन एवं आतिथ्य विषय में मास्टर डिग्री व दीपल हाड़ा को मास्टर ऑफ़ मैनेजमेंट के लिए साल 2026-27 में प्रवेश की आधिकारिक स्वीकृति मिल चुकी है। दीपल MBA सेकंड ईयर की छात्रा है। जबकि अत्रे व लक्षिता MA इंग्लिश सेकेंड सेमेस्टर के स्टूडेंट्स हैं। चयनित विद्यार्थियों को हर महीने 500 अमेरिकी डॉलर छात्रवृत्ति और 100 अमेरिकी डॉलर हॉस्टल खर्च के लिए दिए जाएंगे। भारत से उज्बेकिस्तान आने-जाने के लिए इकोनॉमी क्लास का हवाई टिकट भी उपलब्ध कराया जाएगा। साल में दो स्टडी टूर, हर यात्रा के लिए 100 डॉलर अतिरिक्त स्टूडेंट्स को उज्बेकिस्तान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए साल में दो अध्ययन यात्राएं भी कराई जाएंगी। प्रत्येक अध्ययन यात्रा के लिए विद्यार्थियों को 100 अमेरिकी डॉलर अतिरिक्त दिए जाएंगे।
विभाग के अनुसार, यह साझेदारी विद्यार्थियों को वैश्विक शैक्षणिक वातावरण में अध्ययन करने के साथ पर्यटन, आतिथ्य, संस्कृति और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की समझ विकसित करने का अवसर देगी। प्रो.अनुकृति शर्मा ने बताया उज्बेकिस्तान की यूनिवर्सिटी की तरफ से स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन इंटरव्यू हुए थे। कोटा विश्वविद्यालय के 8 स्टूडेंट ऑनलाइन इंटरव्यू में शामिल हुए। जिनमें 5 स्टूडेंट शॉर्टलिस्ट हुए। इनमें से 3 स्टूडेंट्स ने उज़्बेकिस्तान जाने को तैयार हुए। इससे पहले भी कोटा यूनिवर्सिटी के 4 स्टूडेंट स्कॉलरशिप करके आ चुके हैं।

