हनुमानगढ़ के संगरिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और छोटी बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर महिला और बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता कौशल कुमार (36) श्रीगंगानगर के पठानवाली का रहने वाला है और अभी संगरिया के एसके ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है। उसने बताया कि सुशांत पुत्र अमित खटीक, इटावा, उत्तर प्रदेश पहले इसी ईंट भट्टे पर काम करता था। यहीं उसकी पहचान कौशल की पत्नी सीमा से हुई थी। कौशल के अनुसार 26 सितंबर को सुबह करीब 10.30 बजे सुशांत उसकी पत्नी सीमा और छोटी बच्ची कविता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। सीमा और सुशांत के मोबाइल नंबर अभी बंद आ रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल कालूराम को सौंपी गई है।

