सलूंबर जिले में “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निजी एवं राजकीय अस्पतालों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट, सलूम्बर जिला अस्पताल परिषर अन्नपूर्णा रसोई, किराना स्टोर सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर 24 से 30 सितंबर तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) तथा सीएमएचओ डॉ. महेंद्र कुमार परमार के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अन्नपूर्णा रसोई सहित तीन जगह से फूड सैंपल लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। घी, मसाले और सूजी मिली अवधि पार जांच के दौरान किराना स्टोर से करीब 15 किलो अवधि पार/दूषित खाद्य सामग्री मिली। इसमें घी, मसाले और सूजी शामिल थे। खाद्य सुरक्षा टीम ने सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया। सफाई व्यवस्था पर भी सख्ती निरीक्षण में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार नोटिस की पालना नहीं करने पर संबंधित फर्म का लाइसेंस निरस्त करने सहित अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

