23 लाख के कबाड़ से भरा ट्रक जब्त:गोबरा नवापारा पुलिस ने 30 टन से ज्यादा स्क्रैप पकड़ा

23 लाख के कबाड़ से भरा ट्रक जब्त:गोबरा नवापारा पुलिस ने 30 टन से ज्यादा स्क्रैप पकड़ा

रायपुर के गोबरा नवापारा इलाके में पुलिस ने करीब 23 लाख रुपए कीमत का लोहे का कबाड़ लेकर जा रहे ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में 30 हजार 335 किलो पुराना लोहा और स्क्रैप लदा था। पुलिस को शक है कि यह माल चोरी का हो सकता है या किसी अपराध से जुड़ा हो सकता है। चालक से माल से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 07 BS 0267 और उसमें लदा पूरा स्क्रैप जब्त कर लिया है। मामले में चालक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत कार्रवाई की जा रही है। नोटिस के बाद भी नहीं दिखा सका बिल पुलिस के मुताबिक ट्रक चालक ज्ञानचंद कुर्रे (30), ग्राम पारागांव, गोबरा नवापारा को ट्रक में लदे कबाड़ से संबंधित दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस दिया गया था। उससे बिल, खरीदी या माल के स्रोत से जुड़े दस्तावेज मांगे गए थे। हालांकि चालक कोई दस्तावेज नहीं दे सका। पूछताछ में उसने बताया कि कबाड़ कोड़की गांव स्थित पुराने लोहे के कबाड़ से ट्रक में लोड किया गया था। इसके बाद ट्रक मालिक कलीम सोलंकी के कहने पर वह इसे नवापारा लेकर आ रहा था। एफसीआई गोदाम के पास खड़ा था ट्रक चालक के मुताबिक वह एफसीआई गोदाम के पास ट्रक खड़ा कर मालिक का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने वाहन की जांच की। ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लदा मिला, लेकिन मौके पर उसके पास माल का बिल या दूसरे जरूरी दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने माल के स्रोत और उसकी वैधता को लेकर पूछताछ शुरू की। दस्तावेज नहीं मिलने और परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर ट्रक समेत पूरा कबाड़ जब्त कर लिया गया। 30 टन से ज्यादा स्क्रैप जब्त पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में 30,335 किलो लोहे का कबाड़/स्क्रैप जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपए बताई गई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कबाड़ कहां से आया था और इसका वास्तविक मालिक कौन है। मामले में चालक ज्ञानचंद कुर्रे के खिलाफ BNSS की धारा 106 के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध संपत्ति और अवैध गतिविधियों से जुड़े मामलों में जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *