दीवार तोड़कर ज्वेलर्स दुकान से 10 लाख के गहने चुराए:रायपुर में खाली प्लॉट की तरफ से अंदर घुसे, नकाबपोश चोर CCTV में कैद

दीवार तोड़कर ज्वेलर्स दुकान से 10 लाख के गहने चुराए:रायपुर में खाली प्लॉट की तरफ से अंदर घुसे, नकाबपोश चोर CCTV में कैद

रायपुर के रामनगर में चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपए के गहने चोरी कर लिए। चोर दुकान का शटर या ताला तोड़कर नहीं, बल्कि पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर पहुंचे थे। उन्होंने करीब दो से ढाई तोला सोने और दो किलो चांदी के जेवर चोरी किए हैं। दुकान संचालक के मुताबिक चोरी के सामान की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपए है। वारदात गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक मेन रोड स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक सुनील जैन ने अंदर सामान बिखरा देखा। शोकेस में रखे गहने भी गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दुकान के बाजू में खाली प्लॉट, वहीं से पहुंचे दुकान के बाजू में खाली प्लॉट है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक चोर इसी तरफ से दुकान तक पहुंचे। उन्होंने दीवार को तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया और उसी रास्ते से दुकान में दाखिल हुए। चोरी के बाद चोर किस रास्ते से निकले और वारदात में कितने लोग शामिल थे, पुलिस इसकी जांच कर रही है। नकाब पहने चोर कैमरे में दिखा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक नकाबपोश युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया है। फुटेज में वह दुकान के अंदर घूमकर गहने निकालता नजर आ रहा है। पुलिस को शक है कि उसके साथ कोई और भी हो सकता है। अब आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस इससे चोरों की पहचान और उनके आने-जाने का रास्ता पता करने की कोशिश कर रही है। दो दिन पहले भी फाल्स सीलिंग में मिली थी टूट-फूट दुकान संचालक के मुताबिक चोरी का पता चलने से करीब दो दिन पहले फाल्स सीलिंग भी उखड़ी हुई मिली थी। उस समय इसे सामान्य टूट-फूट समझकर ठीक करा दिया गया था। अब चोरी के बाद पुलिस को शक है कि यह सेंधमारी की कोशिश का हिस्सा हो सकता है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। कई टीमों ने मौके से जुटाए सुराग चोरी की सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना और रामनगर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही पुराने चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों और बाहरी गिरोहों से जुड़े लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। कचना की ज्वेलर्स चोरी का अब तक खुलासा नहीं करीब एक महीने पहले कचना की शिव ज्वेलर्स में भी चोरी हुई थी। चोर गैस कटर से शटर काटकर दुकान में घुसे थे। उस मामले में करीब दो तोला सोना और 15 किलो से ज्यादा चांदी के जेवर चोरी होने की जानकारी सामने आई थी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला था। इसमें एक नकाबपोश चोर दुकान के अंदर जेवर निकालता दिखाई दिया था। पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन करीब एक महीने बाद भी इस मामले में आरोपियों का पता नहीं चल सका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *