खन्ना के समराला रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक्टिवा सवार गिद्दा कोच सिमरनजीत कौर की मौत हो गई। हादसे में उसकी साथी छात्रा और एक साइकिल सवार भी घायल हुए हैं। पुलिस ने कार चालक संदीप शर्मा को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। राहौण निवासी सिमरनजीत कौर ए.एस. कॉलेज में यूथ फेस्टिवल की तैयारियों के तहत छात्राओं को गिद्दा सिखा रही थीं। बुधवार को वह रोज की तरह कॉलेज से एक्टिवा पर घर लौट रही थीं। समराला रोड पर तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिमरनजीत की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा और साइकिल सवार घायल हादसे में उसके साथ मौजूद छात्रा और साइकिल सवार दलीप कुमार भी घायल हो गए। साथी छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर किया गया है। दलीप कुमार ने बताया कि कार ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद बलराज सिंह के मुताबिक, कार गलत दिशा में आ गई थी और एक्टिवा व साइकिल को टक्कर मारते हुए कुछ दूरी तक घसीटती चली गई। पुलिस ने किया मामला दर्ज वहीं, कार चालक संदीप शर्मा ने पुलिस को बताया कि बाइक और साइकिल अचानक सामने आने के कारण उसका वाहन से संतुलन बिगड़ गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

