South Africa Mass Shooting: जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में शनिवार रात एक बार में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। घटना गौतेंग प्रांत में जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप की है।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (SAPS) के मुताबिक, गोलीबारी शनिवार रात करीब 9:30 बजे हुई। इमरजेंसी मेडिकल सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 17 पीड़ितों को मृत घोषित किया। मृतकों में 13 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं।
बाहर बैठे लोगों पर पहले बरसाईं गोलियां, फिर बार के अंदर घुसे
पुलिस के अनुसार, करीब आठ अज्ञात हमलावर बार में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों पर गोलियां चलाईं। इसके बाद हमलावर बार के अंदर घुस गए और वहां मौजूद लोगों को भी निशाना बनाकर फायरिंग जारी रखी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों के पास AK-47 राइफल और पिस्तौल होने की जानकारी सामने आई है। गोलीबारी में 15 लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अलग-अलग चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, रविवार तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।


:At least 17 people killed and 15 others wounded in a shooting at a tavern in Gauteng, South Africa