बार में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 17 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। घटना दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप की है। रॉयटर्स के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे गौतेंग में हुई। गोलीबारी से पहले लोग पार्टी कर रहे थे। इस दौरान हमलावर AK-47 लेकर आए और फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। इसके पहले दक्षिण अफ्रीका के क्वा-मखुथा इलाके में 4 दिन पहले भी मास शूटिंग हुई थी। इसमें 12 लोगों की मौत हुई थी। 8 अज्ञात हमलावरों ने लोगों पर फायरिंग की दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक 8 अज्ञात हमलावर बार में पहुंचे और बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावर बार के अंदर घुसे और वहां मौजूद लोगों पर भी फायरिंग की। गोलीबारी क्यों की गई इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों के पास AK-47 राइफल के साथ-साथ पिस्तौल भी थी। गोलीबारी के बाद हमलावरों ने कुछ लोगों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद वे दो अज्ञात गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए। रविवार तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। केपटाउन में हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में भी गोलीबारी की घटना सामने आई है। ल्वांडले इलाके में रविवार तड़के एक दुकान पर हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हमला करीब रात 1 बजे हुआ। इस मामले में भी हमलावरों और हमले के कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। दक्षिण अफ्रीका में हर दिन औसतन 58 लोगों की हत्या पुलिस के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मार्च के बीच दक्षिण अफ्रीका में हर दिन औसतन 58 लोगों की हत्या हुई। इनमें बंदूकों से की जाने वाली हत्याएं भी शामिल हैं। देश में सार्वजनिक सुरक्षा सुधारने को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बन रहा है। ——————— यह खबर भी पढ़ें… पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की: कहा- ड्रोन हमलों का जवाब दिया पाकिस्तान ने गुरुवार को अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने कहा कि ये हमले अफगानिस्तान से एक दिन पहले हुए ड्रोन हमलों के जवाब में किए गए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी, 17 की मौत:हमलावर बार में AK-47 लेकर आए; 4 दिन पहले भी मास शूटिंग में 12 जानें गई थीं

