रायसेन में रविवार को एसपी ऑफिस के सामने ग्राम नेवली के रहने वाले घायल नंदकिशोर के परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। वे 21 सितंबर को हुए हमले के मामले में नंदकिशोर पर पुलिस द्वारा धारा 327 लगाए जाने का विरोध कर रहे थे। परिजनों ने धारा हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सोते समय हमला करने का आरोप परिजनों का आरोप है कि राहुल बैरागी ने सोते समय नंदकिशोर पर हमला किया था, जिससे वह घायल हो गया। उनका कहना है कि इसके बावजूद नंदकिशोर पर धारा 327 के तहत मामला दर्ज किया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने नंदकिशोर पर लगी धारा हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। आश्वासन के बाद खत्म हुआ चक्काजाम चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीएम मनीष शर्मा और एसडीओपी प्रतिभा शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आवेदन लिया और मामले की जांच का आश्वासन दिया। करीब आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म कर दिया। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि आवेदन की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।

