ग्वालियर में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी स्थित किडीज कॉर्नर स्कूल के बाहर गुरुवार दोपहर छात्रों के दो गुट भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच बीच सड़क लात-घूंसे चले। विवाद के दौरान एक गुट के समर्थन में बाहरी युवक भी पहुंच गए, जिसके बाद दूसरे पक्ष के छात्रों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मारपीट का वीडियो शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस के अनुसार, अभी किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है। बाहरी युवकों को बुलाकर कराई मारपीट प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, विवाद के दौरान एक गुट के छात्रों के समर्थन में कुछ बाहरी युवक भी मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दूसरे गुट के छात्रों की सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की गई। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। इसका वीडियो शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो से छात्रों की पहचान में जुटी पुलिस विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविंद्र सिंह जाटव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि कोई पक्ष शिकायत लेकर आता है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान और तलाश कर रही है।

