पलवल जिले में एवीटी स्टाफ हथीन टीम ने एक आरोपी को अवैध देसी कट्टे और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोट गांव निवासी शोबीन उर्फ सोयब के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। एवीटी स्टाफ प्रभारी तेजपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम हवलदार मुनफेद के साथ उटावड़ चौक पर गश्त कर रही थी। तभी एक मुखबिर ने सूचना दी कि सोबीन उर्फ सोयब अपने पास अवैध हथियार रखता है। वह कोट गांव में मिठाका मोड़ के पास किसी का इंतजार कर रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। पुलिस को देख भागने लगा आरोपी सूचना मिलते ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा लेकिन टीम में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस कर रहीं पूछताछ आरोपी हथियार के संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। इसके बाद एवीटी स्टाफ की तरफ से हथीन थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था और अवैध हथियार कहां से लाया था।

