IAS दिव्यांशु पटेल को कंधे पर बैठाकर विदाई:मुरादाबाद के ‘5 बजे वाले नगर आयुक्त’ के ट्रांसफर पर उमड़ा शहर, बागपत के डीएम बने

IAS दिव्यांशु पटेल को कंधे पर बैठाकर विदाई:मुरादाबाद के ‘5 बजे वाले नगर आयुक्त’ के ट्रांसफर पर उमड़ा शहर, बागपत के डीएम बने

मुरादाबाद नगर निगम में पिछले करीब पौने तीन साल से नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे 2017 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी दिव्यांशु पटेल का बागपत जिलाधिकारी (DM) के पद पर स्थानांतरण हो गया है। शासन के इस फैसले के बाद गुरुवार को मुरादाबाद नगर निगम परिसर में उनके सम्मान में एक भव्य और बेहद भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई समारोह के दौरान नगर निगम के कर्मचारियों, पार्षदों और शहर के गणमान्य नागरिकों के हुजूम ने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को विदाई देते समय सम्मानपूर्वक अपने कंधे पर बैठा लिया। कर्मचारी इसी तरह उन्हें कार तक लेकर गए। फूलों की वर्षा और ढोल-नगाड़ों के बीच उन्हें विदा करते हुए नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की आँखें नम हो गईं।
मुरादाबाद के प्रशासनिक इतिहास में किसी अधिकारी के लिए जनता और सहकर्मियों का ऐसा अप्रत्याशित स्नेह व सम्मान लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा। मेयर विनोद अग्रवाल की मौजूदगी में पार्षदों व कर्मियों ने साझा किए अनुभव विदाई कार्यक्रम में मुरादाबाद के महापौर (मेयर) विनोद अग्रवाल, अपर नगर आयुक्त अजीत सिंह समेत नगर निगम के तमाम विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सभी वार्डों के पार्षद और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। महापौर और पार्षदों ने माला पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर उनके शानदार कार्यकाल की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित सहयोगियों ने बताया कि दिव्यांशु पटेल के नेतृत्व में नगर निगम ने सिर्फ एक प्रशासनिक संस्था के रूप में नहीं, बल्कि जन-सहभागिता के एक नए मॉडल के रूप में काम किया. ‘5 बजे वाले आईएएस’: स्वच्छता रैंकिंग में लगाई 120+ स्थानों की छलांग मुरादाबाद में ढाई साल के कार्यकाल (29 जनवरी 2024 से 22 सितंबर 2026) के दौरान दिव्यांशु पटेल ‘5 बजे वाले आईएएस’ के नाम से बेहद चर्चित रहे। दिव्यांशु अक्सर सुबह 5:15 बजे खुद सड़कों पर निकलकर सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करते थे। वे ग्राउंड जीरो से तस्वीरें म्युनिसिपल व्हाट्सएप ग्रुप्स में डालते थे, जिससे पूरे महकमे में जवाबदेही तय हुई। दिव्यांशु के प्रयासों से स्वच्छता में ऐतिहासिक सुधार
दिव्यांशु पटेल के अनूठे प्रयास का नतीजा रहा कि मुरादाबाद देश के स्वच्छता सर्वेक्षण में 131वें स्थान से लंबी छलांग लगाकर सीधे टॉप-10 शहरों में शामिल हो गया। नगर निग के राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
दिव्यांशु पटेल के कुशल वित्तीय प्रबंधन के चलते नगर निगम का टैक्स कलेक्शन 38 करोड़ रुपये से बढ़कर रिकॉर्ड 165 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। यह पहला मौका था जब मुरादाबाद नगर निगम इतना बड़ा रेवेन्यू कलैक्ट किया हो। कार्यकाल के प्रमुख विकास कार्य और ऐतिहासिक सौगातें नगर आयुक्त के रूप में दिव्यांशु पटेल ने मुरादाबाद को पर्यटन और आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का एक बेहतरीन मॉडल बनाया। उनके कार्यकाल के मुख्य कार्य- देश का पहला अत्याधुनिक युद्ध संग्रहालय
दिव्यांशु ने भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के गौरवशाली इतिहास को दर्शाने वाले एक बेहद आधुनिक वॉर म्यूजियम का निर्माण कराया, जिसमें रक्षा मंत्रालय के सहयोग से असली टैंक व सैन्य उपकरण स्थापित किए गए। संविधान पार्क: शहर के मध्य में भारतीय संविधान के निर्माण, उसके मूल तत्वों और अधिकारों को रेखांकित करता हुआ बेहद खूबसूरत ‘संविधान पार्क’ विकसित किया गया। पर्यावरण व सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट्स
शहर की ऐतिहासिक कंपनी बाग का मुकम्मल कायाकल्प करने के साथ-साथ ‘खेलो इंडिया पार्क’, ‘श्रीराम वाटिका’ और ‘हनुमान वाटिका’ जैसे हरित क्षेत्रों का निर्माण कराया। वेस्ट अवेयरनेस सेंटर देश का पहला अनूठा कचरा जागरूकता केंद्र स्थापित किया, जिसने कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण और रीसाइक्लिंग मॉड्यूल में शहरवासियों को जागरूक किया। भावुक होकर बोले दिव्यांशु पटेल– “मुरादाबाद हमेशा दिल में रहेगा” अपनी विदाई के अवसर पर संबोधित करते हुए नव-नियुक्त डीएम बागपत दिव्यांशु पटेल बेहद भावुक नजर आए. उन्होंने महापौर, पार्षदों और पूरी म्युनिसिपल टीम का धन्यवाद करते हुए कहा, “मुरादाबाद में काम करने का अनुभव मेरे जीवन की सबसे बेहतरीन पूंजी है। यहां की जनता से जो अगाध प्रेम और टीम से जो सहयोग मिला, उसके बिना स्वच्छता और विकास की यह लंबी छलांग संभव नहीं थी। पीतल नगरी की यादें हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेंगी।” समारोह के अंत में सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और बतौर जिलाधिकारी उनकी नई पारी के लिए ढेरों मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *