अनूपपुर जिले की फुनगा पुलिस चौकी ने गुरुवार रात एनएच-43 पर कदमटोला मार्ग से एक बिना नंबर की पिकअप से छह मवेशियों को छुड़ाया। इन मवेशियों को उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर मौके से भाग निकले। फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोतमा की तरफ से मवेशियों से भरा पिकअप फुनगा आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक बाइक सवार ने बताया कि कुछ दूरी पर एक संदिग्ध वाहन सड़क किनारे खराब खड़ा है। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो तस्कर पास के नाले को पार कर जंगल में भाग खड़े हुए। गाड़ी में ठूंसकर बांधे गए थे मवेशी पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उसमें तीन भैंस और तीन पड़वा को बेहद कम जगह में रस्सियों से ठूंस-ठूंसकर बांधा गया था। उनके लिए चारा और पानी का कोई इंतजाम नहीं था। मवेशियों की कीमत करीब 3.90 लाख और जब्त पिकअप की कीमत लगभग 7 लाख आंकी गई है। मालिक की तलाश जारी पुलिस ने बिना नंबर वाले वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए मालिक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम, मध्य प्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और मोटरयान अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल, सभी मवेशियों को एक स्थानीय किसान के सुपुर्द कर गौशाला भेजने का इंतजाम किया जा रहा है।

