राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजया रहाटकर कल, 23 सितंबर को तरनतारन जिले का दौरा करेंगी। यह दौरा आयोग की जमीनी स्तर पर पहुंच मजबूत करने, महिलाओं की शिकायतें सुनने और महिला केंद्रित योजनाओं व सहायता प्रणालियों की समीक्षा करने की कोशिशों का हिस्सा है। अपने दौरे के दौरान, वे तरनतारन में ‘महिला जन-सुनवाई’ करेंगी। इसमें महिलाएं सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने अपनी शिकायतें, चिंताएं और मुद्दे रख सकेंगी। यह जन-सुनवाई कल, 23 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक पेंडू विकास भवन, तरनतारन में होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन सुबह 10 बजे शुरू होगा। महिलाओं को नशे के बारे में जागरूक करेंगी अपने दौरे में वे श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल, तरनतारन में ‘ड्रग्स प्रॉब्लम – महिलाओं पर बोझ’ विषय पर एक सत्र को संबोधित करेंगी। दोपहर बाद, वे जिला प्रशासनिक परिसर, तरनतारन में जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगी। वन स्टाफ सेंटर का करेंगी दौरा इस दौरान, चेयरपर्सन तरनतारन के ‘वन स्टॉप सेंटर’ का भी दौरा करेंगी। वे सेंटर के जरिए महिलाओं को दी जा रही सेवाओं और सहायता की समीक्षा करेंगी। दौरे के तहत, वे ‘पोषण माह’ की गतिविधियों में हिस्सा लेंगी और श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला लाभार्थियों से बात करेंगी। शाम को, वे तरनतारन में स्थानीय प्रतिनिधियों और नेताओं से भी बातचीत करेंगी। यह महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने और स्थानीय स्तर पर काम करने वाले हितधारकों के साथ तालमेल मजबूत करने का मंच देगा।

