मोगा जिले के अजीतवाल रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के पास पहचान के लिए कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। उसकी उम्र करीब 35 से 40 साल बताई जा रही है। पुलिस और रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 21 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे हुई। मोगा-अजीतवाल रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे किलोमीटर नंबर 65/01 से 64/15 के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पहचान के प्रयास कर रही पुलिस घटना के बाद रेलवे विभाग ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो या उसके परिवार का कोई सदस्य लापता हो, तो तुरंत जांच अधिकारी से संपर्क करें। मामले की जांच थानेदार तरलोक सिंह कर रहे हैं। जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 94783-31772 पर संपर्क किया जा सकता है। सिविल अस्पताल में रखवाया शव शव को मोगा सिविल अस्पताल में समाज सेवा सोसाइटी की मदद से 72 घंटे के लिए पहचान के लिए रखा गया है। इस दौरान पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश और पहचान की प्रक्रिया जारी रखेगी। पहचान होने के बाद कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

