कानपुर के कैंट से पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया ने दिल्ली में राजनाथ सिंह से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बात की। इसके साथ ही एक पत्र सौंपकर उन्हें कार्यों को कराए जाने की मांग रखी। छावनी परिषद कानपुर नगर क्षेत्र में जनसुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर रक्षा मंत्री से मांग की गई है। मांगों में श्मशान घाट के विकास से लेकर अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधाएं, स्कूल का विस्तार, स्टेडियम निर्माण, नालों को पाइप डालकर बंद करने, सड़कों की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने सहित कई मुद्दे शामिल हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि छावनी क्षेत्र के कई इलाकों में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनहित में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है। घाट पर सुविधाओं की कमी हिंदू श्मशान घाट पर सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए गंगा तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों के निर्माण, अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था, मार्ग प्रकाश, क्रिया स्थल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की मांग की गई है। मीरपुर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और विशेषज्ञ डॉक्टरों की मांग
छावनी परिषद मीरपुर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई है। ज्ञापन में अल्ट्रासाउंड मशीन, अन्य जांच सुविधाएं और गंभीर रोगियों के उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की गई है। गोलाघाट स्कूल को इंटरमीडिएट तक मान्यता देने की मांग
पीएम श्री योजना के अंतर्गत छावनी परिषद गोलाघाट स्कूल के विस्तार की मांग की गई है। स्कूल में कक्षा आठ तक भी मान्यता नहीं होने और कमरों की कमी का उल्लेख करते हुए इंटरमीडिएट तक मान्यता, अतिरिक्त कमरों के निर्माण और बच्चों के खेलकूद के लिए मैदान विकसित करने की मांग की गई है। स्कूल के सामने रक्षा संपदा के प्रबंधन वाली सर्वे नंबर 77 की जमीन के भूमि परिवर्तन का मामला कई वर्षों से लंबित होने की बात कही गई है। इस मामले में अनापत्ति दिलाने और स्कूल के समुचित विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की गई है। स्टेडियम और मस्कर घाट के विकास की मांग
छावनी परिषद कानपुर में प्रस्तावित विशाल स्टेडियम को जल्द विकसित करने की मांग की गई है। इसके अलावा ऐतिहासिक मस्कर घाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। मांगों में यहां स्थित नाले में झील का विकास, अमर शहीदों की वीरगाथा दर्शाने वाले पट, पार्क, लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट, दुकानें, फुटपाथ, फाउंटेन और क्रीड़ा स्थल बनाने जैसे कार्य शामिल हैं। ज्ञापन में मस्कर घाट के 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक महत्व का भी उल्लेख किया गया है। जानलेवा नालों को पाइप डालकर बंद करने की मांग
कुरियन और मैकू पुरवा के बीच बह रहे गहरे और गंदे नाले को पाइप डालकर बंद करने की मांग की गई है। इसके साथ ही भज्जा पुरवा और गोलाघाट नाले में भी पाइप डालने का कार्य कराने की मांग की गई है। ठेका कर्मचारियों की सुविधाओं का मुद्दा
छावनी परिषद में ठेकेदारों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को वेतन, फंड, बीमा और अन्य सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। छुट्टी के दिन का पैसा काटे जाने की शिकायत भी की गई है। कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और अन्य सुविधाएं दिलाने की मांग की गई है। रामलीला मैदान का सौंदर्यीकरण
रेल बाजार स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक रामलीला ग्राउंड के विकास की मांग की गई है। रामलीला मंच का सौंदर्यीकरण, कमरों का निर्माण, मार्ग प्रकाश, शौचालय और चेंजिंग रूम सहित अन्य मानवीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। चौराहों पर यात्री स्टैंड और पिंक टॉयलेट
छावनी परिषद क्षेत्र के प्रमुख तिराहों, चौराहों और बाजारों में यात्री स्टैंड बनाने तथा महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। खाली जमीन पर दुकानें लगाकर रोजगार देने की मांग
सड़क किनारे छावनी परिषद की खाली पड़ी जमीन का उपयोग रोजगार सृजन और राजस्व बढ़ाने के लिए करने की मांग की गई है। इसके तहत नियमानुसार दुकान और गुमटी लगाने की व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया गया है। गरीब परिवारों के लिए बारातघर और सामुदायिक केंद्र
वार्ड नंबर 1 के गोलाघाट और सत्ती चौरा तथा वार्ड नंबर 2 के लालकुर्ती, मैकू पुरवा और बदली पुरवा सहित अन्य वार्डों में गरीब परिवारों के लिए बारातघर और सामुदायिक केंद्र बनवाने की मांग की गई है। त्योहार से पहले सड़कों की मरम्मत की मांग
छावनी परिषद क्षेत्र की जर्जर सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की गई है। मांग है कि त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य पूरे कराए जाएं। पार्क और शौचालय की सुविधा की मांग
वार्ड नंबर 2 के लालकुर्ती, कुरियन और बदली पुरवा में पार्क विकसित करने की मांग की गई है। कुरियन और बदली पुरवा में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। यहां तत्काल शौचालय निर्माण की मांग की गई है। पेयजल संकट दूर करने के लिए नए ट्यूबवेल की मांग
छावनी क्षेत्र के सभी वार्डों में पानी की सप्लाई का समय कम होने से लोगों को परेशानी होने की बात कही गई है। आबादी के अनुसार कम से कम चार नए बड़े ट्यूबवेल लगाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही पानी की समस्या के समाधान के लिए छावनी परिषद की ओर से रक्षा मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव का भी मामला उठाया गया है। ज्ञापन के अनुसार यह प्रस्ताव प्रिंसिपल डायरेक्टर डिफेंस एस्टेट, सेंट्रल कमांड की ओर से कई बार भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक लंबित है। इसे जल्द स्वीकृत कराने की मांग की गई है।

