ग्लोबल अस्पताल का संचालन रोकने के बाद दोबारा हुई जांच:कमियां पूरी करने का दावा, पर ICU नहीं मिला; 4 मरीज भर्ती, डॉक्टर गायब

ग्लोबल अस्पताल का संचालन रोकने के बाद दोबारा हुई जांच:कमियां पूरी करने का दावा, पर ICU नहीं मिला; 4 मरीज भर्ती, डॉक्टर गायब

बुरहानपुर के अंडा बाजार इलाके में चल रहे ग्लोबल अस्पताल की जांच के लिए रविवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। दरअसल, पहले हुई जांच में अस्पताल में कई कमियां मिली थीं। इस वजह से सीएमएचओ डॉ. आरके वर्मा ने अस्पताल का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस एक महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। अस्पताल को इस दौरान कमियां दूर करने को कहा गया था। अस्पताल संचालक ने 10 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर बताया कि सभी कमियां पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद सीएमएचओ ने एक समिति बनाई। इस समिति में खकनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र जामले, सारोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नबील अहमद खान, सीएमएचओ कार्यालय के स्थापना शाखा प्रभारी योगेश गोस्वामी और बीईई गौरव श्रीवास शामिल थे। टीम रविवार दोपहर ग्लोबल अस्पताल की जांच करने पहुंची। जांच के दौरान टीम ने पाया कि अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर (OT) तो है, लेकिन इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) नहीं है। अस्पताल में 4 मरीज भर्ती थे, लेकिन कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। ग्लोबल अस्पताल के संचालक डॉ. आफाक उद्दीन ने बताया कि आज स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए आई थी। जो कमियां थीं, उन्हें पूरा कर लिया गया है। अभी कोई कमी नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक पंचनामा भी बनाया। इसमें लिखा गया कि अस्पताल में पैथोलॉजी चल रही मिली। एक बीडीएस (डेंटल) डॉक्टर भी अस्पताल में मिले और उनके पास मशीनें भी थीं। नर्सिंग ऑफिसर भूषण बोरनार ने बताया कि वे मोबाइल पर सलाह लेकर मरीजों का इलाज करते हैं। टीम अपनी रिपोर्ट सीएमएचओ को सौंपेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *