गाजियाबाद के रामसेतु एलिवेटेड रोड पर जन्मदिन मनाते चार युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक सड़क पर केक काटता नजर आ रहा है, जबकि उसके पास खड़े दूसरे युवक के हाथ में शराब का गिलास दिखाई दे रहा है। दो अन्य युवक पूरे सेलिब्रेशन का वीडियो बना रहे हैं। पीछे ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाना बज रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 11 सितंबर का है। एलिवेटेड रोड पर वाहन खड़ा कर किसी भी तरह का सेलिब्रेशन करने पर रोक है। इसके बावजूद युवकों ने सड़क पर वाहन खड़ा किया और वहीं जन्मदिन मनाया। सड़क पर गाड़ी खड़ी कर काटा केक वायरल वीडियो में युवक एलिवेटेड रोड पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन का जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक केक काटता है। इसी दौरान दूसरा युवक हाथ में शराब का गिलास लिए नजर आता है। दो युवक मोबाइल से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। 3 थाना क्षेत्रों में आता है एलिवेटेड रोड रामसेतु एलिवेटेड रोड का क्षेत्र तीन थाना क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पुलिस पहले यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो एलिवेटेड रोड के किस हिस्से में बनाया गया था और वह स्थान किस थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए वीडियो में नजर आ रहे वाहनों के नंबर भी खंगाले जा रहे हैं। 40 CCTV कैमरों से खंगाली जा रही फुटेज एलिवेटेड रोड की निगरानी के लिए करीब 40 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी रोड पर बने कंट्रोल रूम से की जाती है। पुलिस अब कंट्रोल रूम से CCTV फुटेज भी निकलवा रही है। फुटेज के जरिए वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और उनके वाहनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो की जांच जारी है। युवकों और वाहनों की पहचान होने के बाद सड़क पर नियमों के उल्लंघन के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

