गोरखपुर में पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन, तहसील इकाई सदर गोरखपुर की मासिक बैठक रविवार को जंगल डुमरी नंबर दो पुलिस चौकी के पीछे स्थित लीलमती देवी कन्या जूनियर हाईस्कूल में उपाध्यक्ष तुलसी कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सदस्यता नवीनीकरण के आवेदन पत्र ग्रहण किए गए। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आंतरिक कमियों की समीक्षा की गई। मुख्य रूप से पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर सदस्यों के विचार और सुझाव मांगे गए। मुख्य अतिथि जेपी गुप्ता ने कहा कि पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है। यह संगठन पत्रकारों का एक बड़ा परिवार है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए हर सदस्य को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा और सेवा भाव से करना होगा। विशिष्ट अतिथि सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि सच दिखाने और जनता की भलाई के लिए निष्पक्ष लड़ाई लड़ने वाले हर पत्रकार के साथ हमारा संगठन खड़ा है। उन्होंने सदस्यता नवीनीकरण के साथ नए लोगों को जोड़ने पर बल दिया। पीपीए तहसील इकाई सदर अध्यक्ष मोहम्मद रफी उल्लाह अंसारी ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी पत्रकार साथियों की रक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मासिक बैठक सदर तहसील के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कर शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई जाए, जिससे सभी को सहभागिता का समान अवसर प्राप्त हो सके। बैठक में जिला अध्यक्ष अवधेश दूबे, विकास मिश्रा, राजेश पाण्डेय, संगम सिंह, सतेन्द्र नागवंशी, राजन पाण्डेय, अरुण पांडेय, नवनीत सिंह, केडी सिंह, राकेश दूवे, वृंद्रेश निषाद, अरविंद निषाद, अमित कुमार सहानी, रविन्द्र सिंह सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

