जबलपुर के हनुमानताल थाना इलाके के बाबाटोला में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि 22 साल के सूरज चौधरी की मौत हो गई। वहीं, भूरा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल ने बताया कि उन्हें बाबाटोला के ठक्कर ग्राम वार्ड में विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तब तक विवाद में एक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान सूरज चौधरी (22) के रूप में हुई है। भूरा चौधरी भी गंभीर रूप से घायल है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह झगड़ा शराब के नशे में हुआ था। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह साफ नहीं है कि दोनों के बीच मारपीट हुई थी या कोई तीसरा कारण था। घायल भूरा चौधरी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है, जिससे पुलिस को जांच में परेशानी आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घायल के बयान और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

