रुदौली में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन:विधायक ने कुपोषित बच्चों की माताओं को पोषाहार वितरित किया

रुदौली में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन:विधायक ने कुपोषित बच्चों की माताओं को पोषाहार वितरित किया

राष्ट्रीय पोषण माह 8.0 के तहत शनिवार, 19 सितंबर को रुदौली तहसील परिसर में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने एक खास कार्यक्रम किया। यह पोषण अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुदौली के विधायक रामचंद्र यादव थे। विधायक रामचंद्र यादव ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इन स्टॉलों पर पोषण से जुड़ी जानकारी, स्थानीय पौष्टिक व्यंजन और आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियां दिखाई गईं। रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन समारोह के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई की रस्म हुई। वहीं, दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इसके अलावा, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषण को बढ़ावा देने के लिए रेसिपी प्रतियोगिता की। इसमें मोटे अनाज और पोषक तत्वों से बने व्यंजन प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम की खास बात पोषण पुनर्वास केंद्र में 14 दिन रहकर कुपोषण से ठीक हुए चार गंभीर तीव्र कुपोषित बच्चों की माताओं का सम्मान था। विधायक ने इन माताओं को सम्मानित किया और बच्चों को उपहार दिए। इसके बाद विधायक रामचंद्र यादव ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की पोषण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यकत्रियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के तहत आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी जिम्मेदारी दी है, जिसे वे अच्छे से निभा रही हैं। इस मौके पर एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय गुप्ता, सीडीपीओ रुदौली रेनू यादव, मवई बीडीओ सिद्धि धात्री, सुपरवाइजर वंदना कुमारी, ममता वर्मा, रीतू श्रीवास्तव, मुख्य सेविका शशी वर्मा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संदीप कुमार, सभासद कुलदीप सोनकर, रामराज लोधी सहित रुदौली और मवई परियोजना की सभी मुख्य सेविकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *