उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार का कांच फोड़ने और गाली-गलौज कर धमकी देने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी नाबालिग हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को क्षेत्र में पैदल जुलूस के रूप में घुमाया। इस दौरान तीनों युवक कान पकड़कर चलते नजर आए, उनके आसपास पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, महानंदानगर निवासी अर्पित पंड्या ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर की सुबह करीब 4:15 बजे तीन दोपहिया वाहनों पर 5-6 युवक चिल्लाते हुए जा रहे थे। जब अर्पित ने उन्हें वहां से जाने को कहा, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पत्थर फेंककर उनकी स्कॉर्पियो कार (MP 13 ZJ 6557) का पीछे का कांच फोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग गए। फरियादी ने एक वाहन का नंबर (MP 13 FS 1268) नोट कर लिया था। इस मामले में नानाखेड़ा पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के नाम मंथन, ईशान और वेदांश बताए हैं। तीन अन्य आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस उनसे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

