शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 10 बजे 70 वर्षीय बुजुर्ग ने देवहा नदी में कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान राठान गांव निवासी प्रेमचंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब आधे घंटे की तलाश के बाद उनका शव बरामद कर लिया। पत्नी की कई साल पहले मौत, बेटे से अलग रहते थे प्रेमचंद्र की पत्नी का कई साल पहले निधन हो चुका था। वह अपने बेटे से अलग रहते थे। परिजनों के मुताबिक, बेटा शराब का आदी है और उनकी देखभाल नहीं करता था। ऐसे में बुजुर्ग की देखभाल करने वाला कोई नहीं था। इसी वजह से वह काफी समय से परेशान चल रहे थे।
सर्राफे का काम छोड़ा, बताशे बेचकर चलाते थे घर प्रेमचंद्र पहले सर्राफे का कारोबार करते थे, लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने यह काम बंद कर दिया था। इसके बाद रोजी-रोटी के लिए बताशे बेचने लगे। करीब 15 दिन पहले वह साइकिल से गिरकर घायल हो गए थे। राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद शुक्रवार को ही घर लौटे थे। इसके अगले दिन उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने नदी में कूदते देखा, आधे घंटे बाद मिला शव शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रेमचंद्र खुदागंज से गुजर रही देवहा नदी में कूद गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें नदी में जाते देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। करीब आधे घंटे बाद उसी जगह से उनका शव बरामद हो गया। पुलिस ने बेटे को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, बेटा नशे में था और उसने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

