Bengal Bypoll: ममता बनर्जी की पार्टी को उपचुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। नंदीग्राम के बाद अब रेजीनगर से भी पार्टी उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने नामांकन वापस ले लिया है।
Rejinagar Bypoll: पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के लिए उपचुनाव से पहले मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। नंदीग्राम के बाद अब रेजनीकर विधानसभा सीट से उनकी पार्टी के प्रत्याशी रबीउल आलम चौधरी ने शनिवार को नामांकन वापस ले लिया है। इससे पहले शुक्रवार को नंदीग्राम से भी ममता बनर्जी के प्रत्याशी प्रधान डे अपना नामांकन वापस ले लिया था।
नामांकन वापस लेने की क्या बताई वजह?
रबीउल आलम चौधरी ने अपने फैसले के पीछे प्रशासन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पार्टी के पास आधिकारिक चुनाव चिन्ह भी नहीं है और कार्यकर्ताओं पर अलग-अलग तरह से दबाव बनाया जा रहा है।
चौधरी ने कहा कि इस समय पार्टी के पास आधिकारिक चुनाव चिन्ह नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग तरीकों से परेशान किया जा रहा है और उनमें से ज्यादातर काम के सिलसिले में इलाके से बाहर चले गए हैं। मैं किन लोगों के साथ चुनाव लड़ूं?
उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बनाए जा रहे दबाव के कारण कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे चुनावी मैदान में नहीं रह सकते। इसलिए मैंने अपना नामांकन वापस लेने का फैसला किया है।
दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव
नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। रेजीनगर से उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद ममता बनर्जी की पार्टी को अब दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के मैदान से हटने का सामना करना पड़ा है।
इससे एक दिन पहले, शुक्रवार को नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी के गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने अपना नामांकन वापस ले लिया था। नामांकन वापस लेने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी से मुलाकात की थी। हालांकि शुरुआत में इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया था।
ममता ने कांग्रेस उम्मीदवार को दिया था समर्थन
नंदीग्राम में अपनी पार्टी की उम्मीदवार के पीछे हटने के बाद ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान किया था। हालांकि, इसके बाद घटनाक्रम ने फिर करवट ली। कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को शुक्रवार शाम 2007 के एक हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।

