इटावा में जॉइंट्स ग्रुप ऑफ स्पंदन के सेवा सप्ताह के दूसरे दिन सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक सराहनीय अभियान चलाया गया। संगठन के सदस्यों ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और गौवंश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इटावा-ग्वालियर रोड पर सड़कों और सड़क किनारे बैठी गायों के गले में रिफ्लेक्टर लगाए। इटावा से उदी मोड़ और बाह-आगरा रोड स्थित कुंडेश्वर तक चलाए गए इस अभियान के दौरान दर्जनों गायों को रिफ्लेक्टर पहनाए गए, ताकि रात के समय वाहनों की रोशनी पड़ने पर वे दूर से दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि आए दिन सड़कों पर बैठने वाले गौवंश के कारण हादसे होते रहते हैं, जिससे न केवल पशुओं की जान को खतरा रहता है बल्कि राहगीर भी दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। अभियान में जॉइंट्स ग्रुप ऑफ स्पंदन की अध्यक्ष अनीता यादव के नेतृत्व में आशा अवस्थी, गुड्डी बाजपेयी, गीता यादव, सुनीता यादव, मनु यादव, ऋषभ यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी अभियान में सहयोग किया और इस पहल की सराहना की। संगठन के सदस्यों ने कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और आगे भी जनजागरूकता एवं सामाजिक सेवा के कार्य जारी रहेंगे।

