भास्कर न्यूज | जालंधर पन्नू विहार से 4 साल के अपहृत केशव को तो सकुशल बरामद कर लिया गया है। लेकिन भगत सिंह कॉलोनी निवासी शंकर के अगवा हुए एक साल के बेटे राजन का अभी तक पता नहीं चल पाया है। 15 सितंबर की आधी रात पिता के साथ एक साल का राजन सो रहा था। तभी से वह गायब है। आरोप है कि पुलिस भी इन लोगों की सुनवाई नहीं कर रही है। पुलिस ने उन पर ही बच्चा बेचने का आरोप लगाकर डराया धमकाया। हालांकि, जब लोग शंकर की मदद के लिए आगे आए, तब मामला फिर से तेज हो गया है। उधर, एडीसीपी सिटी मुख्तियार राय का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। फैक्ट्री में मजदूरी करते पिता शंकर ने बताया कि 15 सितंबर की रात 10 बजे मैं पत्नी ममता, 4 बेटों व 3 बेटियों के साथ खाना खाने के बाद सो गया था। बेटा राजन मेरे साथ था जबकि पत्नी जमीन पर अन्य बच्चों के साथ सो गई थी। आधी रात करीब ढाई बजे जब मेरी आंख खुली, तो राजन गायब था। शंकर का कहना है कि वह थाने के चक्कर लगाकर पूरी तरह से थक चुका है, लेकिन पुलिस उनकी एक नहीं सुन रही। शंकर ने कहा- हम ने अगर बच्चा बेचा होता तो थाने में शिकायत क्यों देने आते। 47 साल के शंकर ने बताया कि बस्ती बावा खेल से अगवा हुए बच्चे को पुलिस ने कुछ ही घंटों में बरामद कर लिया था, लेकिन थाना-1 की पुलिस ने उनकी एक नहीं सुन रही। 15 सितंबर की आधी रात को बेटा गायब होने के बाद जब वे थाने पहुंचे, तो पुलिस ने मदद करने के बजाय उलटा उन्हीं पर आरोप लगा दिया। शंकर ने कहा, “मेरे आठ बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटियां व 5 बेटे हैं। सबसे छोटा एक साल का राजन है। उस रात मैं बेटे राजन के साथ सो रहा था, लेकिन रात ढाई बजे जब आंख खुली तो बेटा गायब था। जमीन पर पत्नी ममता और अन्य बच्चे सो रहे थे। आधी रात को ही हम लोग सीधे थाना-1 पहुंच गए और शिकायत दी। शिकायत लेते वक्त पुलिस ने कहा- हमें पता है कि तुम लोगों ने खुद अपना बच्चा बेच दिया है। पुलिस ने मेरी पत्नी को इतने दबके (धमकियां) मारे कि वह थाने में ही सहम गई। शंकर ने आगे बताया कि पुलिस ने धमकी दी कि सुबह लेडी पुलिस तुमसे पूछताछ करेगी। पुलिस के इस रवैये से पत्नी इतनी डर गई कि वह अगले ही दिन बिहार चली गई। अब कुछ लोग उनकी मदद के लिए सामने आए हैं, जिसके बाद ससुर ममता को वापस लेकर आ रहे हैं। बेबस पिता ने गुहार लगाई है कि जैसे पुलिस ने बस्ती बावा खेल से अगवा केशव को ढूंढ निकाला था, उसी तरह उनके बेटे राजन को भी जल्द से जल्द ढूंढ कर दे।

