हत्या कर शव लटकाने के मामले में 13 पर FIR:एटा में कोर्ट के आदेश पर अपहरण, छेड़छाड़ और हत्या का केस

हत्या कर शव लटकाने के मामले में 13 पर FIR:एटा में कोर्ट के आदेश पर अपहरण, छेड़छाड़ और हत्या का केस

एटा में कोतवाली देहात थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक नाबालिग के अपहरण, छेड़छाड़ और उसके पिता की हत्या के आरोप में 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नामजद सभी आरोपी मैनपुरी के गणेशपुरा के रहने वाले बताए गए हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक- वह कोतवाली नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। मार्च 2026 में उनकी 15 वर्षीय भतीजी दूध लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसके पिता उसकी तलाश में निकल गए। शिकायत के अनुसार, 6 मार्च 2026 को एक पेड़ पर युवक का शव लटका होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव नाबालिग के पिता का था। उसी दिन पुलिस ने नाबालिग को भी बरामद कर लिया। 13 लोगों पर कपड़े फाड़े और अपहरण करने का आरोप पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में चंद्रपाल पप्पू उर्फ श्री चंद्र पुत्र रामदीन, संदीप, प्रदीप, कुलदीप पुत्र किताब सिंह, धीरेंद्र, भूपेंद्र, अनिरुद्ध पुत्र राजकुमार, रवेंद्र पुत्र प्रेम सिंह, नरेंद्र पुत्र रणछोड़ सिंह, ब्रजेश उर्फ बिटू और अतुल पुत्र सुजान सिंह समेत 13 लोगों पर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे पकड़कर जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए और छेड़छाड़ की गई। पीड़िता ने दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए और कमरे में बंद कर दिया। वहां उसे कुछ सुंघाया गया। अगले दिन होश में आने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसे बताया कि उसके पिता की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी उसका अपहरण किया जा चुका था और आरोपी उसे लगातार धमकी दे रहे थे। कोतवाली देहात पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पीड़िता के बयान, नाबालिग को बरामद करने वाली पुलिस टीम की कार्रवाई और सर्विलांस समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *