चित्रकूट के खोह गांव में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे घर में सो रही 20 वर्षीय युवती की करंट लगने से मौत हो गई। छत पर लगे पंखे का बिजली का तार टूटकर युवती के ऊपर गिर गया। तार के संपर्क में आने से लोहे की चारपाई में भी करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आकर अंतिमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खोह गांव निवासी मिथलेश चंद्र पांडेय काम के सिलसिले में मध्य प्रदेश गए हुए हैं। घर पर उनकी पत्नी कुसमा देवी, बेटी अंतिमा और बेटा दर्पण मौजूद थे। दोपहर में कुसमा देवी और अंतिमा एक ही लोहे की चारपाई पर सो रही थीं। कुछ देर बाद कुसमा देवी पड़ोस में किसी काम से चली गईं। तार टूटकर गिरा, चारपाई में फैला करंट
इसी दौरान छत पर लगे पंखे का बिजली का तार अचानक टूटकर अंतिमा के ऊपर गिर गया। तार के संपर्क में आने से लोहे की चारपाई में भी करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से अंतिमा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि अंतिमा मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सकीं। आधे घंटे बाद मां लौटीं तो बेसुध मिली बेटी
करीब आधे घंटे बाद कुसमा देवी घर लौटीं तो बेटी को बिजली के तार के साथ बेसुध पड़ा देखकर घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिवार के लोग अंतिमा को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंतिमा चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी दो बहनें प्रतिमा और गौरी तथा एक भाई दर्पण है। सदर कोतवाली प्रभारी अभयराज सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।

