हिंदी को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर
कर्नाटक जैन एजुकेशन ट्रस्ट, हुब्बल्ली के अध्यक्ष रमेश बाफना मोकलसर ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से हिंदी को अपनाने और दैनिक कामकाज में इसके प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने हिंदी को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान पत्रिका की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

विद्यार्थियों को हिंदी के प्रयोग के लिए किया प्रेरित
स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. सिरिशा एलिजाबेथ ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने हिंदी की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

दक्षिण भारत में हिंदी की उपयोगिता पर चर्चा
राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी। उन्होंने दक्षिण भारत में हिंदी की उपयोगिता, विस्तार और प्रभावशीलता को रेखांकित करते हुए हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों के बारे में बताया।

तकनीकी दौर में हिंदी का भविष्य विषय रहा केंद्र में
समारोह के दौरान कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘तकनीकी दौर में हिंदी का भविष्य’ विषय पर हिंदी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ हिंदी में अपने विचार प्रस्तुत किए। सीनियर वर्ग में कक्षा 8 के अगस्त्य भेंडिकेरी ने प्रथम, कक्षा 8 की निहारिका हबीब ने द्वितीय तथा कक्षा 10 की गुणिका कोठारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 के देवांश बालर एवं कक्षा 9 के तेजस देशपांडे को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।

किताबों को बताया सच्चा दोस्त
जूनियर वर्ग में कक्षा 5 से 7 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘किताबें हमारी सच्ची दोस्त’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने किताबों के महत्व और पढ़ने की आदत पर प्रभावी ढंग से विचार रखे।
जूनियर वर्ग में भी दिखी प्रतिभा
इस वर्ग में कक्षा 7 की सुनिधि हेगड़े ने प्रथम, कक्षा 6 की विहाना मेहता ने द्वितीय तथा कक्षा 7 के पहल कोठारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 5 के शौर्य घोरवाड़े एवं कक्षा 6 की श्रेष्ठा पुजार को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र
दोनों वर्गों के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और प्रभावशाली तरीके से अपनी प्रस्तुतियां दीं। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
पौधे को पानी पिलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और पौधे को पानी पिलाकर की। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र
समापन समारोह में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी की लिखी पुस्तक मानस की प्रति मुख्य अतिथि रमेश बाफना मोकलसर को भेंट की।
शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की रही सहभागिता
स्कूल की हिंदी शिक्षिकाएं सुषमा मडिवालर एवं पूजा रेड्डी निर्णायिका के रूप में उपस्थित रहीं। स्कूल के प्रशासक प्रकाश सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

