औरैया-बिधूना मार्ग पर अछल्दा कस्बे में 175 साल पुराने जर्जर नहर पुल की जगह अब नया टू-लेन पुल बनेगा। पुल की खराब हालत के कारण 18 दिसंबर 2023 से बड़े और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। तभी से नए पुल के निर्माण की मांग हो रही थी। लोक निर्माण विभाग ने अगस्त 2023 में पुराने पुल की जगह 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नया टू-लेन पुल बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। जनवरी 2025 में सरकार ने इसके लिए 3.15 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। अब पुल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। नए पुल के निर्माण से पहले सिंचाई विभाग ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड औरैया-दिबियापुर की टीम ने कस्बे में सिंचाई विभाग की जमीन पर बने करीब 150 घरों और दुकानों पर नोटिस लगाए। ये सभी पक्के और कच्चे निर्माण कर वहां रह रहे थे। जवाब न देने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी नोटिस में कब्जेदारों को 15 दिन के अंदर सिंचाई विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। अगर किसी को कोई आपत्ति है या मामला कोर्ट में चल रहा है, तो उन्हें 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे अधिशासी अभियंता कार्यालय में अपने दस्तावेज के साथ पेश होना होगा। तय समय पर जवाब न देने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निचली गंग नहर पर बनने वाला यह छोटा पुल बॉक्स कल्वर्ट तकनीक से बनेगा। विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक, इसमें सरिया और सीमेंट का इस्तेमाल होगा और पुल में कोई जोड़ नहीं होगा। नहर बंद होने के दौरान निचले हिस्से और दीवारों की ढलाई की जाएगी। जबकि, ऊपरी हिस्से का निर्माण नहर चालू रहने के दौरान भी पूरा किया जा सकेगा। निर्माण खंड की अधिशासी अभियंता अलका सिंह ने बताया कि नहर पुल बंद होते ही निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।

