अशोह प्लांट धमाके का नहीं मिला सुराग:5 दिन पहले हुआ था, 500 मीटर दूर तक हिली धरती; दो पैर मिले थे

अशोह प्लांट धमाके का नहीं मिला सुराग:5 दिन पहले हुआ था, 500 मीटर दूर तक हिली धरती; दो पैर मिले थे

चित्रकूट जिले के पहाड़ी ब्लॉक की अशोह ग्राम पंचायत में कर्वी-पहाड़ी मार्ग किनारे भाजपा नेता जगदीश गौतम के प्लांट में हुए विस्फोट के पांच दिन बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। धमाके के बाद मौके से मानव शरीर के दो पैर मिले थे। पुलिस लगातार तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अब तक शरीर के अन्य हिस्से नहीं मिल सके हैं। मृतक की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। धमाके से प्लांट में बना 4 फीट गहरा गड्ढा विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट परिसर में करीब चार फीट गहरा गड्ढा हो गया। घटनास्थल के आसपास मांस के टुकड़े भी मिले थे। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने धमाके की तीव्रता के बारे में बताया। भैंस चरा रहे सूरज ने बताया कि उसने अपने जीवन में इतना तेज धमाका कभी नहीं सुना। वहीं, स्थानीय महिला मैना रैदास ने बताया कि वह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर थी। धमाका होते ही जमीन में कंपन महसूस हुआ। उनके मुताबिक, विस्फोट के बाद सड़क पर मांस के टुकड़े पड़े थे। ड्रोन से निगरानी, कई जगह तलाशी घटना के अगले दिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। इसके बाद से लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास कई जगहों पर तलाशी ली है। ड्रोन कैमरे से भी क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। चित्रकूट के अलावा कौशांबी, बांदा, प्रयागराज और मध्य प्रदेश के सतना जिले में भी पूछताछ की जा रही है। बैग पर मिले नाम से भी सुराग तलाश रही पुलिस एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। ड्रोन कैमरे से आसपास के क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। अलग-अलग जिलों में लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मिले एक बैग पर कौशांबी जिले के एक दुकानदार का नाम लिखा मिला है। पुलिस इस सुराग की भी जांच कर रही है। विस्फोट के कारण और मृतक की पहचान का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *