जयपुर। कांग्रेस पार्षद मोहम्मद रईस खान की हाल ही में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुलकात के बाद यह दावा किया जा रहा था कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। वहीं मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें उन्हें भाजपा का दुपट्टा पहने हुए भी देखा गया था। लेकिन अब अचानक रईस खान का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने भाजपा में शामिल होने की खबरों पर यूटर्न लेते हुए सफाई दी है। उन्होंने वीडियो जारी कर इन अटकलों का खंडन किया और अपने कांग्रेस में ही रहने की बात कही है।
वीडियो में क्या दी सफाई?
पार्षद ने वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद उनकी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात हुई थी। इस दौरान मदन राठौड़ ने उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं और भाजपा में शामिल होने का ऑफर भी दिया, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। पार्षद ने कहा कि उनकी विचारधारा कांग्रेस की है और वह अपने लोगों के साथ ही रहेंगे। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में भी लिखा, “मैं कांग्रेसी हूं और कांग्रेसी ही रहूंगा।”
सोशल मीडिया पर साझा की गई थी तस्वीरें
मोहम्मद रईस खान के भाजपा में शामिल होने की तस्वीरें चंद्र मनोहर बटवाड़ा, किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी और भाजपा नेता, ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि “किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 109 के निर्दलीय पार्षद श्री मोहम्मद रईस ख़ान ने प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन राठौड़ जी की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।” पोस्ट में रईस खान का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा गया कि वार्ड नंबर 109 में करीब 45 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भाजपा की जीत संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्हें संगठन, जनसेवा और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

बता दें कि मोहम्मद रईस खान ने जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 109 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़कर जीतक हासिल की थी। चुनाव परिणाम के अनुसार रईस खान को 5,150 वोट मिले था और उन्होंने 558 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। इस वार्ड में भाजपा के जाकिर खान कायमखानी को हार का सामना करना पड़ा था।

