प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर नगर निगम ने गुरुवार को गुलर रोड पंपिंग स्टेशन पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्वच्छता मित्रों के साथ श्रमदान किया। इस दौरान गुलर रोड के पास लंबे समय से संचालित बड़े कचरा डलाव स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाकर उसे विलोपित किया गया।
अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहर में स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रम चलेंगे। लोगों को कूड़ा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर मिष्ठान भी वितरित किया गया।
डीडीयू अस्पताल में सरकार की योजनाओं की 15 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी शुरू
अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय परिसर में विकासोन्मुखी चित्र प्रदर्शनी शुरू हुई। एमएलसी प्रो. तारिक मंसूर, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी ऋषिपाल सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई यह प्रदर्शनी 15 दिन चलेगी। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों व सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से प्रदर्शनी देखने और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
पीएम के जन्मदिन पर 100 लाभार्थियों को टूल किट, महिलाओं को मिलीं सिलाई मशीनें
अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को विकास भवन सभागार में लाभार्थीपरक योजनाओं का कार्यक्रम हुआ। इसमें विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 100 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं, जिन्हें सिलाई मशीन सहित अन्य जरूरी उपकरण मिले।
कार्यक्रम में ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और सीएम युवा योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक भी दिए गए। ओडीओपी योजना में अंकुश गोयल को 10 लाख, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में रोहित शर्मा को 25 लाख और सीएम युवा योजना में कोमल गुप्ता को 5 लाख रुपये की धनराशि दी गई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य युवाओं, कारीगरों और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

